नई पेंशन को लेकर सरकार का बड़ा फरमान, लाखों को होगा फायदा
सीएम मनोहरलाल ने नई पेंशन को लेकर जो ताजा फरमान जारी किया है, उससे लाखों को फायदा होगा। सीएम के मुताबिक प्रदेश में बुजुर्गों की पेंशन को आधार डाटा से जोड़ा जाएगा।
इससे पेंशन के लिए आवेदन नहीं करना पडे़गा। रिकॉर्ड में 60 साल की आयु पूरी होते ही उसके खाते में वृद्धावस्था पेंशन अपने आप आनी शुरू हो जाएगी। मुख्यमंत्री मंगलवार को गांव चौधरीवास में नलवा विधानसभा क्षेत्र की विकास रैली को संबोधित कर रहे थे।
इस मौके पर उन्होंने विकास के लिए करीब 195 करोड़ रुपये की घोषणा की। उन्होंने कहा कि 2018 में यहां महिला कॉलेज भी बनाएंगे। सीएम ने कहा कि पेंशन ऑनलाइन होने के बाद पता लगा कि 1.5 लाख लोगों के नाम पर पेंशन हड़पी जा रही थी।
सरकार ऐसी व्यवस्था करने जा रही है कि अब पेंशन बनवाने के लिए आवेदन नहीं करना होगा। आधार कार्ड के अनुसार व्यक्ति की आयु 60 साल होते ही उसकी पेंशन ऑटोमेटिक उसके खाते में आने लगेगी।
'हमने भ्रष्टाचार पर सर्जिकल स्ट्राइक की'
प्रदेश में पानी का समान वितरण सुनिश्चित किया जाएगा। प्रदेश में 5 लाख ऐसे राशन कार्ड पर मिट्टी तेल की सप्लाई बंद की है। सभी जिलों को मार्च 2017 तक केरोसिन मुक्त कर दिया जाएगा।
स्कूलों में फर्जी दाखिलों से भी करोड़ों रुपये हड़पे जा रहे थे, जिन्हें ऑनलाइन तकनीक के माध्यम से बंद किया गया है। सीएम ने कहा कि हमें पिछली सरकारों की तरह हमें जेबें भरने का अनुभव नहीं है। हमें सेवा का 40 साल का अनुभव है। पहले सीएम कुराज कर रहे थे।
हमने भ्रष्टाचार पर सर्जिकल स्ट्राइक की: वित्तमंत्री
वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीमा पार सर्जिकल स्ट्राइक करके पाकिस्तान को सबक सिखाया उसी प्रकार हमने प्रदेश में भ्रष्टाचार पर सर्जिकल स्ट्राइक की है। हरियाणा को देश का ही नहीं बल्कि विश्व का आधुनिक तथा विकसित राज्य बनाएंगे।
वर्तमान सरकार ने सबका भला किया- बराला
वर्तमान सरकार ने सबका भला किया- बराला
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि 50 साल पहले क्षेत्रवाद व भेदभाव के जिन मुद्दों को लेकर हरियाणा का गठन हुआ। वही मुद्दे पिछले 48 साल तक जारी रहे।
वर्तमान सरकार ने 2 साल में सबका साथ-सबका विकास, अंत्योदय के मूल मंत्र से हर हिस्से में समान विकास कराया। इस मौके पर सीपीएस डॉ.कमल गुप्ता, सीएम के ओएसडी कैप्टन भूपेंद्र, जिला अध्यक्ष सुरेंद्र पूनिया, रैली संयोजक मास्टर हरि सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।
हाईकोर्ट बेंच मेरे हाथ में नहीं: खट्टर
सीएम मनोहर लाल खट्टर ने हिसार बार एसोसिएशन की ओर से की गई दो प्रमुख मांगों को खूबसूरती के साथ टाल दिया। दरअसल बार एसोसिएशन ने सीएम को प्रोजेक्टर पर 5 मिनट की रिपोर्ट दिखाकर कहा कि हिसार में हाईकोर्ट की बेंच स्थापित करने से करीब एक करोड़ 43 लाख लोगों को फायदा मिलेगा।
वकीलों ने बार के हॉल को विस्तार के लिए भी बजट मांगा। इस पर सीएम ने कहा कि हाईकोर्ट की बेंच पर वह फैसला नहीं ले सकते। रही हॉल को बड़ा करने की बात तो वो आप अपनी कमाई का दस प्रतिशत हिस्सा खर्च कर बड़ा करा लो।
सीएम जिला अदालत परिसर में ई लाइब्रेरी का उद्घाटन करने पहुंचे थे। यहां वकीलों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि गरीब लोगों को न्याय दिलाने के लिए केसों में आपस में समझौता करवाने की कोशिश भी करें। गरीब व्यक्ति महंगी न्याय व्यवस्था के सामने टिक नहीं पाता।