चौधरी बीरेंद्र सिंह पर सीएम हुड्डा का बड़ा बयान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
‘अगर बीरेंद्र सिंह मुख्यमंत्री होते तो उनके नेतृत्व में अगला चुनाव लड़ा जाता। इस समय मैं मुख्यमंत्री हूं इसलिए नीति के अनुसार अगला चुनाव मेरे नेतृत्व में लड़ा जाएगा। मेरा दावा है कि हरियाणा में कांग्रेस की तीसरी बार भी सरकार बनेगी।’ यह बात मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मंगलवार को मंत्रिमंडल की बैठक के बाद पत्रकारों से कही।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘मेरी अगुआई में दो बार लोकसभा की नौ-नौ सीटें जीती गई हैं। उत्तर भारत में कई प्रदेश तो ऐसे हैं जहां कांग्रेस की एक भी सीट नहीं आई। हरियाणा में तो एक सीट भी आ गई। वैसे भी लोकसभा में एक व्यक्ति विशेष के पक्ष में माहौल बनाया गया। ऐसे कहा गया कि जादू की छड़ी लाए हैं। लोगों को महंगाई से छुटकारा दिलाने का नारा दिया गया।
लोग ठगा सा महसूस कर रहे हैं
अब नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने हैं तो रेल किराया बढ़ा दिया, तेल, गैस सिलंडर महंगा होने जा रहा है। लोग ठगा सा महसूस कर रहे हैं। लोगों को जो आशा जगी थी, अब निराशा में तबदील हो रही है।
आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का मुकाबला भाजपा के साथ होगा। इनेलो ने भी मोदी के नाम पर वोट मांगे थे। हिसार, सिरसा में भाजपा का उम्मीदवार नहीं था इसलिए इनेलो की दो सीटों पर जीत हो गई। अब विधानसभा चुनाव में इनेलो का अस्तित्व समाप्त हो जाएगा।’ सीएम ने कहा कि वे सिफारिश करेंगे कि विधानसभा चुनाव में 50 फीसदी टिकट युवाओं को दी जाए। अंतिम फैसला चुनाव कमेटी करेगी। गेहूं पर 300 रुपये प्रति क्विंटल बोनस देने के लिए केंद्र से आग्रह किया गया है।
सोनिया गांधी का आशीर्वाद मेरे साथ
सीएम ने कहा, ‘बीरेंद्र सिंह क्या बोलते हैं, मैं व्यक्तिगत बात नहीं करता हूं। मगर जब तक सोनिया गांधी का आशीर्वाद मेरे साथ है, मैं मुख्यमंत्री हूं। विधायक जब तक साथ हैं, मैं मुख्यमंत्री हूं। जनता जब तक साथ है, मैं मुख्यमंत्री हूं।
अगर सोनिया गांधी कोई फैसला करती हैं तो मुझे कोई ऐतराज नहीं। मगर यह तय है कि मेरे नेतृत्व में ही अगले चुनाव होंगे। अलबत्ता, इस तरह (बीरेंद्र सिंह) के बयानों से कोई फर्क नहीं पड़ता। कांग्रेस सब 90 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। वर्ष 1987 में कांग्रेस पार्टी मुख्यमंत्री भजनलाल के नेतृत्व में चुनाव लड़ी थी, जिसमें बीरेंद्र सिंह मंत्री थे।’
टोल कमेटी की रिपोर्ट अभी नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि टोल दरें कम करने के लिए कमेटी की रिपोर्ट अभी नहीं आई है। अलबत्ता उन्होंने केंद्र को टोल दरें कम करने के लिए पत्र लिख दिया है। केंद्र सरकार काफी उम्मीदों पर बनी है देखते हैं केंद्र क्या फैसला करती है।
उन्होंने कहा कि विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने उन्हें पत्र के जवाब में फोन पर सूचित किया है कि इराक में फंसे हरियाणा के लोग सुरक्षित हैं। हरियाणा सरकार ने उन्हें भरोसा दिया है कि हरियाणा के लोगों को सुरक्षित लाने के लिए प्रदेश सरकार पूरी तरह तैयार है। डीजीपी एसएन वशिष्ठ ने कहा कि जो लोग इराक से आएंगे, उनसे पूछेंगे कि किसी एजेंट ने धोखा तो नहीं दिया। फिलहाल यमुनानगर में ऐसे एजेंटों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।