{"_id":"60efd3f0e49023792003a940","slug":"bandaru-dattatreya-sworn-in-as-governor-of-haryana","type":"story","status":"publish","title_hn":"हरियाणा को मिले नए गवर्नर: 18वें राज्यपाल के रूप में बंडारू दत्तात्रेय ने राजभवन में ली पद एवं गोपनीयता की शपथ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हरियाणा को मिले नए गवर्नर: 18वें राज्यपाल के रूप में बंडारू दत्तात्रेय ने राजभवन में ली पद एवं गोपनीयता की शपथ
Thu, 15 Jul 2021 11:52 AM IST
निवेदिता वर्मा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
Published by: निवेदिता वर्मा
Updated Thu, 15 Jul 2021 11:52 AM IST
सार
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल, उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला सहित मंत्रिमंडल के सदस्य व वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
बंडारू दत्तात्रेय ने हरियाणा के राज्यपाल पद की शपथ ली।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
हरियाणा के नव नियुक्त राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने गुरुवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। वह प्रदेश के18 वें राज्यपाल बने हैं। उन्होंने गुरुवार से अपने कार्यालय में कामकाज शुरू कर दिया। यहां राजभवन में आयोजित गरिमापूर्ण समारोह में पंजाब-हरियाणा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश रवि शंकर झा ने बंडारू दत्तात्रेय को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
विज्ञापन
दत्तात्रेय ने शपथ ग्रहण समारोह में शामिल महानुभावों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी बधाई स्वीकार की। हरियाणा आर्म्ड पुलिस की विशेष टुकड़ी ने राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। पंजाब के राज्यपाल वीपी सिंह बदनौर, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल, उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के अलावा मंत्रिमंडल के सदस्य भी मौजूद रहे।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा उन्हें पूर्ण विश्वास है कि उनके मार्गदर्शन में हरियाणा चहुंमुखी विकास कर नए आयाम स्थापित करेगा। समारोह में राज्यपाल की पत्नी व राज्य की प्रथम महिला बंडारू वसंता, पुत्री बंडारू विजयलक्ष्मीं ने भी उपस्थित दर्ज कराई।
विज्ञापन
तीन बार केंद्र में मंत्री रहे हैं दत्तात्रेय
बंडारू दत्तात्रेय केंद्र सरकार में तीन बार मंत्री और चार बार सांसद रह चुके हैं। उनका जन्म 12 जून, 1947 को हैदराबाद में हुआ। उन्होंने उस्मानिया यूनिवर्सिटी, हैदराबाद से बीएससी की डिग्री हासिल की। वे पहली बार 1991 में दसवीं लोकसभा के सदस्य निर्वाचित हुए। इसके बाद वर्ष 1998 में वह सिकंदराबाद लोकसभा सीट से चुनाव जीते और केंद्रीय शहरी विकास राज्य मंत्री बने।
वर्ष 1999 में हुए मध्यावधि चुनाव में फिर उन्होंने लोकसभा चुनाव जीता और केंद्रीय शहरी विकास राज्य मंत्री बने। वर्ष 2002 से 2003 तक वह केंद्रीय रेल राज्यमंत्री रहे और वर्ष 2003 से 2004 तक उन्होंने केंद्रीय शहरी विकास राज्य मंत्री व गरीबी उन्मूलन (स्वतंत्र प्रभार) का कार्यभार संभाला। दत्तात्रेय वर्ष 2014 में केंद्रीय राज्यमंत्री श्रम एवं रोजगार (स्वतंत्र प्रभार) भी रहे। वर्ष 2019 में वह हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल नियुक्त हुए।