हरियाणा के 'लाल' ने ईरान में नाम किया रोशन, बना बेस्ट रेडर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ईरान में वीरवार को संपन्न हुई एशियन कबड्डी चैंपियनशिप (ईरानी ट्रॉफी) में भले ही भारत उप विजेता बना, लेकिन हरियाणा (बहादुरगढ़) के लाडले का दम 16 एशियाई देशों के खिलाड़ियों ने देखा।
शानदार प्रदर्शन की बदौलत म्हारा जसबीर उर्फ जस्सू चैंपियनशिप का बेस्ट रेडर चुना गया। विजेता ईरान का अली हसन बेस्ट स्टॉपर बना। जसबीर की इस उपलब्धि से इलाके के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है। शनिवार को वह ईरान से वापस लौटेगा।
ईरान की राजधानी तेहरान में 5 और 6 अगस्त को एशियन कबड्डी चैंपियनशिप (ईरानी ट्रॉफी) का आयोजन किया गया। अंडर 75 किलोग्राम भारवर्ग में हुई इस चैंपियनशिप में भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, ईरान, कजाकिस्तान, थाईलैंड, बांग्लादेश सहित कुल 16 एशियाई देशों ने भाग लिया। भारत की टीम का प्रदर्शन शानदार रहा।
शुरुआती मुकाबलों में भारत ने कजाकिस्तान को 30-05, थाइलैंड को 24-7 और श्रीलंका को 28-8 से हराया। सेमीफाइनल में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 25-17 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। मेजबान ईरान के साथ हुआ खिताबी मुकाबला काफी जबरदस्त रहा। महज 3 अंकों से भारतीय टीम यह मुकाबला हार गई। मैच का परिणाम 29-26 रहा।
कड़े मुकाबले में भारत बना चैंपियनशिप का उप विजेता
ईरान खेलने गई टीम में हरियाणा के सिर्फ दो खिलाड़ी थे। इनमें एक कुरुक्षेत्र का तो दूसरा बहादुरगढ़ खंड के गांव सिद्दीपुर लोवा का जसबीर उर्फ जस्सू रहा। जसबीर पूरे टूर्नामेंट में छाया रहा। सभी एशियाई देशों ने म्हारे लाडले का दम देखा।
शानदार प्रदर्शन की बदौलत 45 में से 45 प्वाइंट लेकर जसबीर बेस्ट रेडर बना। वहीं, ईरान के अली हसन को बेस्ट स्टॉपर चुना गया। जसबीर तीन बार अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश की ओर से खेलने वाला जिले का एकमात्र खिलाड़ी है। इससे पहले वह थाईलैंड और मलेशिया में खेल चुका हैं।
मलेशिया में तो उसे आउटस्टैंडिंग प्लेयर का खिताब भी मिला था। अपनी मेहनत के दम पर वह वीर अभिमन्यु, हरियाणा अभिमन्यु और पैंथर कुमार जैसे खिताब अपने नाम कर चुका है।
उपलब्धि का श्रेय: अमर उजाला से फोन पर हुई बातचीत में जसबीर ने अपनी उपलब्धि का श्रेय कोच रामबीर, पिता कृष्ण प्रधान, मां संतोष देवी, भाई विनोद वत्स व अपने आइडियल नूरा पहलवान, अनिरुद्ध वत्स, शिवलाल, सिकंदर मान, संदीप मान व जयदेव को दिया। बकौल जसबीर, उसने अपनी ओर से शत प्रतिशत दिया।
भविष्य में और अच्छा प्रदर्शन करने का प्रयास रहेगा। वहीं, कोच रामबीर ने कहा कि जसबीर शनिवार को स्वदेश लौटेगा। लौटने पर उसका जोरदार अभिनंदन किया जाएगा।