Punjab: केजरीवाल बोले- किसी पार्टी या नेता नहीं, नशे के खिलाफ है लड़ाई, युवाओं को बर्बाद करने वाले नहीं बचेंगे
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि उन्होंने चुनाव से पहले स्वास्थ्य और शिक्षा की गारंटी दी थी। अब आम आदमी पार्टी की सरकार दोनों ही गारंटियों को पूरा कर रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब में कांग्रेस विधायक सुखपाल खैरा की गिरफ्तारी पर सियासी उबाल के बीच आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि लड़ाई किसी पार्टी या नेता नहीं, नशे के खिलाफ है। पंजाब के युवाओं को बर्बाद करने वालों को नहीं बख्शा जाएगा, चाहे वह कोई भी हो। उन्होंने नशे के खिलाफ पंजाब सरकार के अभियान को सहयोग देने की अपील करते हुए सभी दलों से कहा कि ड्रग्स तस्करी में संलिप्त नेताओं को बाहर निकाल कर पुलिस के हवाले करें। केजरीवाल सोमवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ मिशन सेहतमंद पंजाब की शुरूआत करने के बाद पटियाला में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में कानून व्यवस्था संभालने में थोड़ा वक्ता लगा लेकिन अब हालात काबू में हैं। नशा तस्करी करने वालों को पकड़ा जा रहा है। बीते दिनों एक बड़ा आदमी भी पकड़ा गया है। नशे से पीढ़ी बर्बाद करने वालों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे।
पंजाब में नशे को रोकने के लिए मान सरकार की ओर से उठाए गए कदमों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि एक समय पंजाब ड्रग्स के लिए जाना जाता था और ड्रग्स के मुद्दे पर फिल्में बनती थीं। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि मिशन 'सेहतमंद पंजाब' के तहत स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे को अपग्रेड किया जाएगा। पहले चरण में 402 करोड़ से 19 जिला व सब डिवीजन अस्पतालों और 15 कम्युनिटी हेल्थ सेंटरों को कवर किया जाएगा। इस मिशन के लिए 1300 करोड़ बजट का प्रावधान किया गया है।
जिला अस्पतालों में आधुनिक मशीनों व सुविधाओं से लैस आईसीयू, ऑपरेशन थियेटर व वार्ड तैयार किए जाएंगे। मिशन की शुरुआत पटियाला के माता कौशल्या अस्पताल से की गई है। अस्पताल को 13.80 करोड़ की लागत से अपग्रेड किया गया है। यहां आईसीयू, एनआईसीयू और अन्य सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
दोनों नेताओं ने साफ किया कि पटियाला में यह कार्यक्रम राजनीति से प्रेरित नहीं है। वोटों के लिए वे यहां नहीं आए हैं, बल्कि पंजाब की जनता को बताने आए हैं कि अब उन्हें कर्ज लेकर निजी अस्पतालों में महंगा इलाज नहीं कराना पड़ेगा। गांधी जयंती पर सेहत क्रांति की शुरुआत की जा रही है।
शिक्षा क्षेत्र में सुधार के लिए उठाए जा रहे कदम: मान
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि उन्होंने चुनाव से पहले स्वास्थ्य और शिक्षा की सुविधाएं देने की गारंटी दी थी। उन्होंने बताया कि अब आम आदमी पार्टी की सरकार की ओर से दोनों ही गारंटियों को पूरा किया जा रहा है। सीएम भगवंत मान ने कहा कि अब तक जिला अस्पतालों में आईसीयू नहीं हैं, जिसके चलते मरीजों को इलाज के लिए बड़े अस्पतालों में रेफर कर दिया जाता है।
पंजाब में खोले 664 आम आदमी क्लीनिकों में अब तक 59 लाख से अधिक मरीज लाभ उठा चुके हैं। वहीं, स्वस्थ पंजाब एप भी लांच की गई है, जिससे क्लिक करने पर लोग पास के आम आदमी क्लीनिकों का पता लगा सकेंगे। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि आम आदमी क्लीनिकों की तरह लोगों को मुफ्त दवाएं मुहैया करवाने के लिए सभी सरकारी अस्पतालों में आयुष फार्मेसी शुरू की जाए। इसके साथ ही 1866 मेडिकल व पैरा मेडिकल स्टाफ की भर्ती से स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत किया जाएगा।