Punjab News: पंजाब का माहौल खराब करने की साजिश; बंबीहा गैंग के चार शूटर हत्थे चढ़े, खतरनाक हथियार बरामद
एआईजी एजीटीएफ संदीप गोयल ने बताया कि मामले की जांच जारी है और बंबीहा गिरोह के अपराधों के बारे में और खुलासे होने की उम्मीद है। इस ऑपरेशन में डीएसपी एजीटीएफ बिक्रम सिंह बराड़ भी शामिल थे। बीते एक सप्ताह में 14 आतंकियों-गैंगस्टरों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
विस्तार
त्योहारों के मौसम में पंजाब, चंडीगढ़ और हरियाणा में टारगेट किलिंग कर माहौल बिगाड़ने की फिराक में जुटे बंबीहा गैंग के चार मुख्य शूटरों को एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने शुक्रवार को मोहाली पुलिस के सहयोग से काबू किया है। ये विदेश में छिपे गैंगस्टर लक्की पटियाला के इशारे पर वारदात को अंजाम देते थे। इनके पास से दो आधुनिक ऑटोमैटिक और सेमी-ऑटोमैटिक विदेशी पिस्तौल (बेरेटा और जिगाना) व दो देसी पिस्तौल के अलावा 25 कारतूस बरामद हुए हैं।
आरोपियों की पहचान डेराबस्सी के गांव जवाहरपुर के लखवीर कुमार उर्फ लक्की, पटियाला के गांव गधापुर के रवि कुमार उर्फ फौजी, पटियाला के गांव बिठोनिया के गुरविंदर सिंह उर्फ मट्टू और डेराबस्सी के जतिंदर सिंह उर्फ सोनी के तौर पर की गई है।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि आरोपियों पर जीरकपुर के ढकौली थाने में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि पुलिस की टीमें मामले की जांच में जुटी हैं। एजीटीएफ को सूचना मिली थी कि आरोपी मोहाली जिले में हरियाणा और चंडीगढ़ के सीमावर्ती एरिया में हैं। इसके बाद एडीजीपी प्रमोद बान की निगरानी में एजीटीएफ की टीम जीरकपुर पहुंची। इस दौरान ढकोली में पुराने अंबाला-कालका रोड पर डीपीएस स्कूल के नजदीक से आरोपियों को मोटरसाइकिल पर जाते वक्त काबू कर लिया गया।
यह भी पढ़ें: Chandigarh: जांच में शामिल हुए नशा तस्करी केस में बर्खास्त एआईजी राजजीत, वकीलों संग पहुंचे एसटीएफ दफ्तर
एआईजी एजीटीएफ संदीप गोयल ने बताया कि मामले की जांच जारी है और बंबीहा गिरोह के अपराधों के बारे में और खुलासे होने की उम्मीद है। इस ऑपरेशन में डीएसपी एजीटीएफ बिक्रम सिंह बराड़ भी शामिल थे। बीते एक सप्ताह में 14 आतंकियों-गैंगस्टरों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
आधुनिक हथियारों ने उड़ाई पुलिस की नींद
बंबीहा गैंग के शूटरों से मिले हथियारों ने पुलिस की नींद उड़ा दी है क्योंकि इन हथियारों की मारक क्षमता काफी अधिक है। सबसे प्रमुख जिगाना पिस्तौल जो तुर्किये की बनी हुई है। लॉरेंस बिश्नोई जैसे कुख्यात गैंगस्टर जिगाना का इस्तेमाल करते रहे हैं लेकिन अब बंबीहा गैंग भी इसका इस्तेमाल करने लगा है। जिगाना पिस्तौल आसानी से उपलब्ध नहीं है। इसकी कीमत 4-7 लाख रुपये है। उत्तर प्रदेश में अतीक अहमद के हत्यारों से भी जिगाना ही बरामद हुई थी।
पाकिस्तान और विदेश में बैठे गैंगस्टर सक्रिय
कुछ समय से पाकिस्तान, कनाडा और अमेरिका में छिपे आतंकी और गैंगस्टर भी काफी सक्रिय हो गए हैं। वे भारत में माहौल बिगाड़ने में लगे हैं ताकि यहां किसी भी तरीके से शांति को भंग किया जा सके।