Haryana Budget 2024: आठ नए पशु अस्पताल और 18 औषधालय खुलेंगे, घर द्वार पर होगा पशुओं का इलाज
हरियाणा में पशुओं के बीमार होने पर द्वार पर ही इलाज की सुविधा मिलेगी। शुक्रवार को सरकार ने बजट में 70 मोबाइल पशु इकाइयां चलाने का एलान किया है। एक टोल फ्री नंबर भी जारी किया जाएगा। इस पर कॉल कर किसान मोबाइल वैन को अपने दरवाजे पर बुला सकेगा। इसके अलावा भी सरकार ने कई बड़े एलान किए हैं।
विस्तार
हरियाणा सरकार ने कई ऐसे जिलों को चिह्नित किया है, जहां दुधारू पशुओं की संख्या अधिक है लेकिन चिकित्सा सुविधाओं का अभाव है। ऐसे में सरकार ने बजट में प्रदेश में आठ नए पशु अस्पताल और 18 नए पशु औषधालय स्थापित करने का निर्णय लिया है। घर के पास ही पशुओं को इलाज मुहैया कराने के लिए सरकार ने यह फैसला लिया है। इसके लिए 70 मोबाइल पशु इकाइयां चलाई जाएंगी। जहां पशुओं के इलाज की सेवा नहीं है, वहां पर गांवों के कलस्टर बनाकर मोबाइल वैन तैनात होंगी। इनके लिए टोल फ्री नंबर भी होगा, जिस पर कॉल करके मोबाइल वैन को बुलाया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में 2.1 प्रतिशत दुधारू पशु हरियाणा में हैं लेकिन दूध उत्पादन में हरियाणा का योगदान 5.19 प्रतिशत से अधिक है। राज्य में प्रति व्यक्ति प्रतिदिन दूध उपलब्धता 1098 ग्राम है। यह राष्ट्रीय प्रति व्यक्ति प्रतिदिन औसत दूध उपलब्धता 459 ग्राम का लगभग 2.4 गुना अधिक है। राज्य में दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए योजनाएं भी चलाई जा रही हैं।
4000 एकड़ में होगा झींगा उत्पादन
एनसीआर में बढ़ती मांग के चलते प्रदेश सरकार ने राज्य में झींगा मछली का उत्पादन बढ़ाने के लिए 4 हजार एकड़ अतिरिक्त भूमि को इसके दायरे में लाने का निर्णय लिया है। मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए तीन मोबाइल जल परीक्षण प्रयोगशाला वैन के माध्यम से किसानों के घर द्वार पर ही मिट्टी और जल परीक्षण की सुविधा के लिए प्रदान की जाएंगी।
हैफेड ने किया 126 करोड़ का चावल निर्यात
हरियाणा के हैफेड की उपलब्धि का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि 2023-24 के दौरान हैफेड को 13 हजार 700 मीट्रक टन बासमती चावल के निर्यात के आर्डर मिले हैं। 126 करोड़ रुपये का यह आर्डर हैफेड की बड़ी उपलब्धि है। किसानों की मदद के लिए रादौर में हल्दी-तेल पैकिंग के साथ प्रतिदिन 3 मीट्रिक टन क्षमता का नया हल्दी प्लांट स्थापित किया है। रोहतक आईएमटी में मेगा फूड पार्क बनाया जा रहा है।