चंडीगढ़। यूटी प्रशासन ने कर्फ्यू हटाकर लॉकडाउन घोषित किया है। साथ ही सभी सरकारी व प्राइवेट कार्यालय खोलने के आदेश दिए हैं। ऐसे में पीयू के भी सभी कार्यालय और विभागीय कार्यालय खुलेंगे या नहीं, यह पीयू तय नहीं कर पा रहा है। सभी अधिकारी व शिक्षक अपने कार्यालय में जाकर विभागीय कार्य निपटाना चाहते हैं। कार्यालय खुलने को लेकर असमंजस बना हुआ है। आदेश साफ होने के बाद पीयू निर्णय नहीं ले पा रहा है। हालांकि अफसर आए दिन बैठक करने में जुटे हुए हैं। 15 मई तक पीयू व रीजनल सेंटर बंद करने के आदेश जरूर जारी किए गए हैं, लेकिन इस आदेश के मुताबिक तो पीयू के कार्यालय भी नहीं खुलेंगे।
पंजाब विश्वविद्यालय में शिक्षण कक्षाओं के अलावा हर विभाग का अपना-अपना कार्यालय है। साथ ही एडमिनिस्ट्रेशन से लेकर वीसी कार्यालय तक भी हैं। हर दिन यहां बैठकर अधिकारी अपना काम करते हैं, लेकिन कर्फ्यू के कारण ये बंद हैं। अब कर्फ्यू हटाने के आदेश दिए गए हैं। साथ ही सरकारी व निजी कार्यालय खोलने के आदेश भी दिए हैं। पीयू के जानकारों का कहना है कि आदेश के मुताबिक पीयू भी सरकारी संस्था है। ऐसे में इसे खोला जाना चाहिए। केवल विभागीय कार्यालय व अन्य कार्यालय खोले जा सकते हैं। शिफ्ट में कर्मचारी काम भी कर सकते हैं। हालांकि पीयू अभी यूटी प्रशासन से सलाह लेने में जुटा है।