आतंकी जाकिर मूसा के भाई को लेकर चंडीगढ़ में सर्च अभियान, चप्पे-चप्पे पर कड़ी सुरक्षा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आतंकी जाकिर मूसा के भाई इश्यिाक राठेर के चंडीगढ़ से लौटने की आईबी की सूचना के बाद पुलिस ने दूसरे दिन भी भीड़भाड़ वाले स्थानों पर गहन सर्च अभियान चलाया। बस स्टैंड-17 पर थाना पुलिस समेत बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड टीम ने चप्पे-चप्पे की तलाशी ली। पुलिस ने बस स्टैंड पर लोगों से पूछताछ करने सहित हर संदिग्ध चीज दिखने पर सावधानी से जांच की।
रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष यूनिट्स के पुलिसकर्मियों ने हर संदिग्ध व्यक्ति से पूछताछ की। शहर की सीमाओं पर भी यूटी पुलिस नजर रखे हुए है। शक होने पर वाहन चालकों से भी पूछताछ की जा रही है। होटल, गेस्ट हाउस, धर्मशालाओं, सराय, कश्मीरी सराय के रिकॉर्ड रजिस्टर खंगालने सहित प्रबंधकों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। साथ ही बापूधाम कॉलोनी, बुड़ैल और अन्य संवेदनशील इलाकों में पुलिसकर्मी गश्त कर रही है।
गौरतलब है कि आतंकी जाकिर मूसा का चचेरा भाई इश्यिाक राठेर 24 से 28 नवंबर के बीच शहर में ठहरा। आईबी की इस गोपनीय सूचना के बाद से पुलिस हाई अलर्ट पर है। पुलिस यह जानने में जुटी है कि इश्यिाक राठेर जेएंडके में महिंद्रा फाइनेंस ऑटोमोबाइल सर्विस से किस प्रकार की ट्रेनिंग के लिए शहर में आया था। उसके ट्रेनिंग पर 10 दिन के लिए चंडीगढ़ आने की सूचना थी, लेकिन इश्यिाक करीब चार-पांच दिन बाद ही लौट गया।
पुलिस के सीआईडी विंग समेत अन्य यूनिट्स इश्यिाक राठेर के शहर में ठिकाने का पता लगाने के प्रयास में हैं। पुलिस के उच्च पदस्थ अधिकारियों ने डीएसपीज और थाना एसएचओ को उनके अंतर्गत क्षेत्रों में पीजी, धर्मशालाएं, होटल, गेस्ट हाउस, क्लब और विशेष रूप से कश्मीरी सराय की चेकिंग के निर्देश दिए हैं। बीते वीरवार को सेक्टर-3 थाने के एसएचओ इंस्पेक्टर नीरज सरना समेत अन्य पुलिसकर्मियों ने सेक्टर-8 स्थित होटल आइकॉन में सर्च अभियान चलाया था।