हरियाणा के आठ शहरों की हवा फिर हुई बेहद खराब, पानीपत में एक्यूआई 382 तक पहुंचा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हवा की गति मंद होने से गुरुवार को हरियाणा के आठ शहरों की हवा की गुणवत्ता फिर बेहद खराब स्तर पर पहुंच गई। दिल्ली और पानीपत का वायु गुणवत्ता सूचकांक 382 रिकॉर्ड किया गया, जबकि गाजियाबाद, नोएडा व ग्रेटर नोएडा की हवा गंभीर स्तर पर पहुंच गई। सफर का पूर्वानुमान है कि इस वीकेंड पर पूरे एनसीआर में हवा की गुणवत्ता गंभीर स्तर जा सकती है।
सीपीसीबी की ओर से शाम चार बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक प्रदूषण स्तर बढ़ने से अंबाला, करनाल, कुरुक्षेत्र, जींद, गुरुग्राम, पलवल, पानीपत और यमुनानगर की हवा बेहद खराब स्तर तक पहुंच गई। इसके अलावा कैथल, हिसार, भिवानी, रोहतक की हवा भी खराब स्तर पर रही। बुधवार को केवल तीन शहरों की हवा बेहद खराब स्तर तक पहुंची थी।
हवा की गति करीब 4 किमी प्रति घंटा रही, जबकि इसकी सामान्य रफ्तार 10 किमी प्रति घंटा होनी चाहिए। वहीं, मिक्सिंग हाइट भी औसत 6 किमी से गिरकर 1.5 किमी पर आ गई। शुक्रवार और शनिवार को भी हवा की गति में तेजी आने का कोई संकेत नहीं है। ऐसे में प्रदूषण स्तर में तेजी से बढ़ोतरी का अंदेशा है। इसमें पीएम 2.5 सबसे प्रभावी प्रदूषक के तौर पर रहेगा।
पराली के धुएं का हिस्सा कम
खास बात यह है कि इस बीच पराली जलाने के मामले कम दर्ज किए गए हैं। इससे हवाओं की दिशा दक्षिण पश्चिमी होने के बावजूद दिल्ली के प्रदूषण में पराली के धुएं का हिस्सा बृहस्पतिवार को करीब आठ फीसदी रहा।
गाजियाबाद रहा देश में सबसे प्रदूषित शहर
सीपीसीबी की तरफ से जिन 101 शहरों का वायु गुणवत्ता सूचकांक जारी किया गया, उसमें से सबसे प्रदूषित शहर गाजियाबाद रहा। गाजियाबाद का एक्यूआई 432 रिकॉर्ड किया गया, जबकि ग्रेटर नोएडा व नोएडा का एक्यूआई 417 व 414 रहा।
प्रमुख शहरों का एक्यूआई (स्रोत- सीपीसीबी)
| पानीपत | 382 |
| पलवल | 368 |
| करनाल | 360 |
| कुरुक्षेत्र | 348 |
| गुरुग्राम | 328 |
| यमुनानगर | 325 |
| जींद | 318 |
| अंबाला | 308 |
| रोहतक | 296 |
| भिवानी | 293 |
| हिसार | 245 |
| कैथल | 232 |
बादलवाही से दिन के तापमान में गिरावट, रात में हुई बढ़ोतरी
हरियाणा के कई शहरों में बादलवाही के कारण गुरुवार को रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि दिन के तापमान में गिरावट दर्ज गई। रोहतक में दिन का तापमान सामान्य से 5 डिग्री कम दर्ज किया गया। पिछले कई दिनों से रोहतक का दिन और नारनौल की रात प्रदेश में सबसे ठंडी रही है। चंडीगढ़ मौसम केंद्र ने अगले 48 घंटे में प्रदेश के विभिन्न इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना जताई है। इस दौरान मौसम शुष्क रहेगा।
गुरुवार सुबह हल्की धुंध से दिन की शुरुआत हुई, हालांकि धूप निकलने से जल्द ही धुंध छंट भी गई। मगर दिन चढ़ने के साथ मौसम ने करवट ली और हल्के बादल आसमान में छा गए। देर शाम तक आसमान में हल्के बादल छाए रहे। हिसार में अधिकतम तापमान 23.0 व न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले बुधवार को अधिकतम तापमान 23.6 व न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
हिसार में दिन का तापमान सामान्य से तीन डिग्री और रात का तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम रहा। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के अनुसार 9 दिसंबर तक मौसम खुश्क रहेगा। हालांकि बीच-बीच में हल्के बादल छा सकते हैं। इसके अलावा हल्की गति से उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने से रात के तापमान में गिरावट व तड़के हल्की धुंध छाने की संभावना है।
प्रमुख शहरों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
- शहर न्यूनतम अधिकतम
- नारनौल 5.0 25.0
- अंबाला 7.9 21.1
- सिरसा 8.2 22.4
- करनाल 7.0 22.0
- हिसार 7.3 23.0
- रोहतक 7.2 20.5
- भिवानी 7.5 24.8
- चंडीगढ़ 9.3 24.0
- फरीदाबाद 8.0 24.5
- गुरुग्राम 7.5 24.0