दिल्ली के बाद हरियाणा फतह की तैयारी में 'आप'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली विधानसभा चुनाव में शानदार जीत के बाद आम आदमी पार्टी (आप) अब हरियाणा में खट्टर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने जा रही है। पार्टी ने सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरने की रणनीति तैयार कर ली है, जिसकी घोषणा मंगलवार को पार्टी की ओर से की जाएगी।
आप नेता योगेंद्र यादव का कहना है कि हरियाणा की खट्टर सरकार बहुत ही कम समय में अलोकप्रिय हो गई है। उन्होंने कहा कि इसका कारण राज्य सरकार की जन विरोधी नीतियां हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी जल्द ही इन नीतियों के खिलाफ सड़कों पर उतरेगी।
योगेंद्र यादव ने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद हरियाणा में आप के कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह बढ़ गया है। लोगों के जन मुद्दों को जोरशोर से उठाया जाएगा। उन्होंने बताया कि लोगों ने काफी उम्मीद से प्रदेश में भाजपा सरकार को बहुमत दिया लेकिन सरकार उनकी उम्मीद पर खरा नहीं उतर पा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार एक कमजोर सरकार है।
इन मुद्दो पर सरकार को घेरने की तैयारी
आप की हरियाणा ईकाई की रविवार को बैठक सेक्टर-36 में हुई, जिसमें कार्यकर्ताओं से भावी रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य योगेंद्र यादव ने की, जिन्होंने दिल्ली चुनाव में हरियाणा से योगदान देने पहुंचे कार्यकर्ताओं पर आभार भी प्रकट किया।
आप के अनुसार, हरियाणा में विधानसभा चुनाव अभी बहुत दूर हैं, लेकिन सरकार की असफलताओं को समय-समय पर उठाया जाता रहेगा। पार्टी ने इसके लिए एक्शन प्लान तैयार कर रही है।
उधर, आप अगले एक महीने में हरियाणा में प्रदेश की नई इकाई का भी गठन करने जा रही है, जिसमें उन लोगों को भी जगह मिलेगी, जिन्होंने दिल्ली विधानसभा चुनाव में अहम भूमिका निभाई है। बैठक में मुख्य प्रवक्ता राजीव गोदारा, पटियाला के सांसद डा. धर्मवीर गांधी के साथ-साथ प्रदेश स्तर की कार्यकारिणी के सदस्य भी मौजूद रहे।
आम आदमी पार्टी हरियाणा में अपनी रणनीति के तहत खट्टर सरकार को घेरने की योजना बना रही है। पार्टी की ओर से भूमि अधिग्रहण के नए अध्यादेश, पंजाब के समान वेतनमान नहीं देने, सेवानिवृत्ति की आयु सीमा कम करने और प्रदेश में यूरिया की किल्लत जैसे मामले जोरशोर से उठाएगी।