सीएम दरबार और रक्षा मंत्रालय तक गूंजी बुजुर्ग महिला की कराह
यूटी के पूर्व गृह सचिव और हरियाणा कैडर के आईएएस अनिल कुमार की गाड़ी से टकराकर घायल हुई सेना के पूर्व अधिकारी की पत्नी डॉ परमजीत कौर का हालचाल पूछने के लिए वीरवार को केंद्रीय रक्षा मंत्रालय से फोन आया।
इस बीच घटना को लेकर चंडीगढ़ प्रशासन की जांच से असंतुष्ट पीड़ित परिवार ने देर रात हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मुलाकात की।
इस मुलाकात के बाद पीड़िता के बेटे कैप्टन इंद्रप्रीत सिंह धनोवा ने बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल को पूरी घटना की जानकारी दी गई और सीएम ने सारी बात ध्यानपूर्वक सुनने के बाद मामले की गहन जांच करवाने का भरोसा दिया।
सीएम को यह भी बताया गया कि आईएएस अनिल कुमार ने घटना की जानकारी अपने गृह राज्य को देना भी मुनासिब नहीं समझा।
'आईएएस के अनैतिक व्यवहार पर कार्रवाई के लिए जंग'
यूटी के पूर्व गृह सचिव और हरियाणा कैडर के आईएएस अनिल कुमार की गाड़ी के ड्राइवर की गिरफ्तारी के बाद पीड़ित परिवार ने आवाज उठाई है। सेना के पूर्व अधिकारी की पत्नी डॉ परमजीत कौर के बेटे डेन धनोवा ने कहा कि हादसे में ड्राइवर को सजा दिलाने के लिए नहीं, बल्कि एक आईएएस के अनैतिक व्यवहार पर कार्रवाई के लिए जंग छेड़ी है।
डेन धनोवा के अनुसार गलती हर इनसान से होती है इसलिए ड्राइवर की गलती को वह नजरअंदाज करते हैं। लेकिन, एक आईएएस के द्वारा ऐसी अनैतिक व्यवहार की आलोचना करते हैं। उन्होंने कहा कि इस व्यवहार के खिलाफ कार्रवाई के लिए उन्होंने मुहिम छेड़ी है। जब तक आईएएस के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, उनकी जंग जारी रहेगी।
यह है मामला
डेन धनोवा की मां परमजीत कौर धनोवा को गत शुक्रवार को टैगोर थिएटर परिसर में आईएएस अनिल कुमार की कार ने टक्कर मार दी थी। इसमें परमजीत को गंभीर चोर्टें आइं। परमजीत कौर अपने बेटे डेन के साथ टैगोर थियेटर में प्रोग्राम देखने गई थीं। डेन का आरोप है कि अनिल कुमार उनकी घायल मां को छोड़कर अंदर चले गए।
आईएएस की शिकायत नही पहुंची साइबर सेल
फेसबुक कमेंट से आहत आईएएस ने पीड़ित पक्ष की ओर से घटना को सोशल मीडिया पर अपलोड करने और उस पर आए कमेंट के बाद पब्लिक विंडो पर शिकायत दी थी। उन्होंने शिकायत में कहा कि अपलोड करने वाले के खिलाफ कार्रवाई की जाए। लेकिन, दूसरे दिन भी साइबर सेल के पास उनकी शिकायत नहीं पहुंची है।