पंजाब: अबोहर में ट्रक यूनियन की प्रधानगी को लेकर भिड़े आप कार्यकर्ता, फगवाड़ा में यूथ नेता पर फायरिंग
थाना नंबर 1 की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के आप कार्यकर्ताओं को यूनियन से बाहर निकालते हुए यूनियन में ताला लगा दिया। थाना प्रभारी रमेश कुमार ने बताया कि यूनियन की प्रधानगी को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हुआ है। मामले की जांच जारी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब के अबोहर में ट्रक यूनियन की प्रधानगी को लेकर विवाद शुरू हो गया है। सोमवार को अबोहर की ट्रक यूनियन में पुकार के समय आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए और एक-दूसरे पर लाठियां बरसा दीं। इसमें आप के दो पदाधिकारियों समेत चार लोग घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। वहीं घटना का पता चलते ही थाना नंबर 1 की पुलिस ने पहुंचकर ट्रक यूनियन में ताला लगाकर यूनियन की पुकार बंद करवा दी।
जानकारी के अनुसार सरकार के ट्रक यूनियन के गठन के एलान के बाद आप नेता पंकज नरूला और रघुबीर भाखर ने ट्रक यूनियन चलाने के लिए पांच सदस्यीय कमेटी गठित कर दी। जबकि पार्टी के हलका प्रभारी दीप कंबोज के निर्देश पर विजय कंबोज के नेतृत्व में ट्रक यूनियन के पूर्व प्रधान बलकार सिंह को यूनियन का प्रधान बना दिया। इधर, पंकज नरूला और रघुवीर भाखर ने पुकार शुरू करवाते ही दूसरे पक्ष के लोग वहां पहुंच गए और झगड़ा शुरू हो गया। इसमें आम आदमी पार्टी के ट्रेड विंग के जिला प्रधान पंकज नरूला, रघुवीर भाखर और दूसरे पक्ष के बचित्र सिंह व जीत सिंह निवासी सीडफार्म घायल हो गए। जिन्हें सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया।
इधर, दीप कंबोज की ओर से बनाए गए प्रधान बलकार सिंह ने बताया कि चार दिन पूर्व कुछ लोगों ने अपनी मनमर्जी से चार ऑपरेटरों को साथ लेकर यूनियन घोषित कर दी थी लेकिन हलका प्रभारी दीप कंबोज ने विधिवत तौर पर उन्हें यूनियन का प्रधान बनाते हुए सोमवार को पुकार शुरू करवाई थी। इसी दौरान दूसरे पक्ष के कुछ लोगों ने वहां पहुंच कर मारपीट शुरू कर दी।
बलकार सिंह ने आरोप लगाया कि आप नेताओं द्वारा बनाई गई पांच सदस्यीय कमेटी में ज्यादातर सदस्य कांग्रेस के हैं, क्योंकि उन्होंने गेहूं खरीद सीजन में लोडिंग अनलोडिंग का ठेका लिया है और इसलिए वह यूनियन की पुकार नहीं होने दे रहे। उन्होंने बताया कि उनकी यूनियन के साथ बड़ी संख्या में ट्रक ऑपरेटर शामिल हैं लेकिन पहले से ही विवादों में रहे कांग्रेसी उनकी यूनियन में अड़चन पैदा करना चाहते हैं। इधर, घटना का पता चलते ही थाना नंबर 1 की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के आप कार्यकर्ताओं को यूनियन से बाहर निकालते हुए यूनियन में ताला लगा दिया। थाना प्रभारी रमेश कुमार ने बताया कि यूनियन की प्रधानगी को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हुआ है। मामले की जांच जारी है।
फगवाड़ा में आप यूथ नेता पर चलाई गोलियां
पंजाब के फगवाड़ा में दो बाइक सवारों ने आम आदमी पार्टी के यूथ नेता पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही फगवाड़ा पुलिस के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की लेकिन हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है। जबकि घायल को जालंधर रेफर कर दिया गया। फगवाड़ा के मेहटा बाईपास के पास बाइक सवार युवकों ने एक युवक पर अचानक गोलियां चला दीं। वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया है।
घायल नौजवान की पहचान विपन कुमार उर्फ गोरा निवासी हरदासपुर के तौर पर हुई है। यह भी बताया जा रहा है कि नौजवान आप कार्यकर्ता है। उसे सिविल अस्पताल फगवाड़ा लाया गया लेकिन उसकी गंभीर हालात को देख जालंधर रेफर कर दिया गया। वहीं वारदात की सूचना मिलते ही फगवाड़ा पुलिस के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी है। हमलावरों के बारे में पता नहीं चल सका है।