केजरीवाल के खिलाफ बोले एक और 'आप' सांसद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के खिलाफ पटियाला से सांसद डॉ. धर्मवीर गांधी ने भी बगावती सुर अपना लिए हैं। शनिवार को जैसे ही दिल्ली में केजरीवाल ने नेशनल काउंसिल की बैठक में योगेंद्र यादव और प्रशांत भूषण को पार्टी से बाहर निकालने का फैसला सुनाया गया, तो डॉ. गांधी भी दोनों के समर्थन में केजरीवाल के खिलाफ मैदान में उतर आए।
अमर उजाला से बातचीत में डॉ. गांधी ने कहा कि आप संयोजक अरविंद केजरीवाल किसी को भी अपनी बात कहने नहीं देते। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आम आदमी पार्टी को जैसे-जैसे सफलता मिलती गई वैसे-वैसे ही पार्टी में पहले जैसे लोकतंत्र नहीं रहा।
केजरीवाल ने बैठक में डेमोक्रेटिक सिद्धांतों का उल्लंघन करते हुए योगेंद्र यादव और प्रशांत भूषण जैसे कद्दावर नेताओं को पार्टी से निकाल दिया है। बैठक में केजरीवाल ने न तो इन दोनों नेताओं को पार्टी से निकालने संबंधी कोई चर्चा की, न वोटिंग हुई और न ही इन दोनों का पक्ष सुना।
बस अपना फैसला सुना दिया। उन्होंने कहा कि आप जिन सिद्धांतों को लेकर बनी थी कि अमन पर पहरा दिया जाएगा। अब उन्हीं का केजरीवाल उल्लंघन कर रहे हैं। डॉ. गांधी ने कहा कि वह योगेंद्र यादव और प्रशांत भूषण के साथ हैं, लेकिन पार्टी को नहीं छोड़ेंगे।
खिलाफत के लिए अगर केजरीवाल चाहें, तो उनके खिलाफ कार्रवाई कर सकते हैं। वह अपने स्टैंड पर बने रहेंगे। किसी को भी पार्टी के सिद्धांतों को तोड़ने का हक नहीं होना चाहिए।
केजरीवाल के नेतृत्व में आप एकजुट
गांधी ने आशंका जताई कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी के नेताओं के बीच चल रही कलह का असर आने वाले समय में पंजाब में भी पड़ सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शायद आने वाले दिनों में पार्टी में चल रही कलह समाप्त हो जाए और पहले की तरह फिर पार्टी में लोकतंत्र आ जाए।
आम आदमी पार्टी की ओर बठिंडा के तलवंडी साबो से उपचुनाव लड़ चुकीं प्रो. बलजिंदर कौर ने कहा कि पार्टी के खिलाफ चलने वालों पर पार्टी हाईकमान की ओर से सख्त निर्णय लेना चाहिए। इस तरह पार्टी की गाइडलाइन से बाहर होकर सीनियर नेताओं के खिलाफ मीडिया में बयानबाजी नहीं की जानी चाहिए।
डॉ. धर्मवीर गांधी, सांसद, पटियाला ने बताया कि मैं अपनी आत्मा की आवाज सुनकर और पार्टी अनुशासन को देखकर आम आदमी पार्टी में शामिल हुआ था, लेकिन दिल्ली में बड़ी जीत मिलने के बाद पार्टी अपने उसूलों से भटक रही है। मैं किसी भी नेता की जी हजूरी नहीं कर सकता।
एचएस फूलका, वरिष्ठ नेता, आम आदमी पार्टी ने बताया कि पार्टी में सब कुछ ठीक है और पूरी पार्टी अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में एकजुट है। राष्ट्रीय परिषद की बैठक में सारे फैसले सर्वसम्मति से लिए गए हैं और इस पर किसी को कोई आपत्ति नहीं है। पार्टी में अनुशासन हर हालत में बरकरार रखा जाएगा। इसे लेकर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।