SYL पर आप ने बताया अपना स्टैंड, मांगा सुखबीर बादल का इस्तीफा
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एचएस फूलका का कहना है कि एसवाईएल के मुद्दे पर न प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बोले हैं और न ही कांग्र्रेस की अध्यक्षा सोनिया गांधी।
इन सभी पार्टियों की अलग अलग जगहों पर भाषा भी अलग अलग है। पंजाब में कुछ बोलते हैं, हरियाणा में कुछ और दिल्ली में कुछ। लेकिन आम आदमी पार्टी का स्टैंड पूरी तरह से साफ है कि पंजाब को उसके हक का पानी मिलना चाहिए।
पार्टी स्टैंड पर राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की भी पूरी सहमति है। फुलका मंगलवार को सर्किट हाउस में कांफ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। फुलका ने कहा कि यदि मोदी पंजाब को उसके हक का पानी दिलाना चाहें तो सिफ एक घंटे का काम है।
सिर्फ पूर्व पीएम इंदिरा गांधी की ओर से बनाए प्रावधान को रिवर्स करना है। पीएम मोदी से सीएम बादल यह काम आसानी से करा सकते हैं, लेकिन वे भी ऐसा नहीं चाहते। फुलका ने कहा कि इस सारे मामले में पुआड़े दी जड़ कांग्रेस है।
नाभा जेल ब्रेक कांड में मांगा सुखबीर बादल का इस्तीफा
नाभा जेल ब्रेक मामले में फुलका ने कहा कि पंजाब के गृह मंत्री एवं डिप्टी सीएम को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए। जेल ब्रेक के घटनाक्र्रम को देखते हुए लगता है कि यह सब मिलीभगत से हुआ है।
ये आगामी विस चुनावों में गड़बड़ी फैलाना चाहते हैं। नाभा कांड के बाद पुलिस की गोली से मारी गई युवती के मामले में अज्ञात पर परचा दर्ज करने को लेकर फुलका ने कहा कि यह अब बादल सरकार ने ट्रेंड ही बना लिया है।
बरगाड़ी कांड में भी ऐसा ही किया गया था। फुलका ने मांग की कि गोली मारने वाले और गलत एफआईआर दर्ज करने वाले मुलाजिमों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
पंजाब के केबिनेट मंत्री सिकंदर सिंह मलूका द्वारा पुलिस अफसर के साथ बदतमीजी पर फुलका बोले कि अब हार देख कर अकालियों की खीज निकल रही है। उनकी मांग है कि अब ड्यूटी तनदेही से करने वाले मुलाजिम को मेडल देकर सम्मानित किया जाए।
बैंस ब्रदर्स की लोक इंसाफ पार्टी के आप के साथ गठबंधन के बाद नेताओं एवं कार्यकर्ताओं में पनपी नाराजगी पर फुलका ने कहा कि सभी रूठों को मना लिया जाएगा।