चंडीगढ़। मौलीजागरां थाना अंतर्गत एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अश्लील फोटो पर अपनी ननद का चेहरा लगाकर पति के व्हॉटसएप पर भेज 20 लाख रुपयों की मांग कर डाली। इतना ही नहीं, रुपये नहीं देने पर महिला ने फोटो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी भी दी, जिससे परेशान होकर पति ने मामले की सूचना पुलिस को दी। मौलीजागरां थाना पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ आईपीसी 509 और आईटी (67) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर केस को साइबर सेल को सौंप दिया है।
मामला मौलीजागरां थाना से संबंधित है। मौलीजागरां निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी बरेली (उत्तर प्रदेश) में कुछ समय पहले हुई थी। शादी के बाद कुछ दिनों तक सब कुछ ठीक रहा। शिकायतकर्ता ने बताया कि किसी वजह से उन दोनों के बीच लड़ाई-झगड़ा हो गया। इसके चलते पत्नी अलग होकर अपने मायके रहने चली गई। शिकायतकर्ता आरोप है कि पत्नी ने अश्लील फोटो पर उसकी बहन का चेहरा चिपकाकर व्हॉटसएप नंबर पर भेजकर कहा कि अगर उसे 20 लाख रुपये नहीं दिया तो यह फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जाएगा। मना करने के बावजूद जब पत्नी नहीं मानी तो परेशान होकर मामले की सूचना पुलिस को दी गई। साइबर सेल ने शुरुआती जांच के बाद मौलीजागरां थाने में मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने यूपी के बरेली निवासी महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर किया। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है।