चंडीगढ़ में गैस सिलिंडर भरते समय लगी आग, दो बच्चों समेत चार झुलसे, जांच में जुटी पुलिस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अटावा में घर में अवैध तरीके से बड़े सिलिंडर से 5 किलो के छोटे सिलिंडर में गैस भरने के दौरान अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आकर एक 12 वर्षीय बच्चा, महिला और गैस सिलिंडर भरने वाले व्यक्ति के अलावा एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से झुलस गया। आग इतनी भीषण थी कि घर के बाहर रखा सामान जलकर राख हो गया।
चारों को जीएमएसएच-16 में भर्ती करवाया गया, जहां बच्चे और महिला इलाज चल रहा है। इनकी पहचान अजय (12) अनीता (45) और सिलिंडर भरने वाले अमरीक सिंह के रूप में हुई है। अमरीक सिंह और एक अन्य बच्चे को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि अजय की हालत गंभीर बनी है।
घटना बुधवार शाम करीब 4.30 बजे की है। घायल अजय की मां मीना ने बताया कि परिवार समेत अटावा में रहती है। अजय उनका बड़ा बेटा है। शाम को बेटा घर की ओर दौड़ता हुआ आ रहा था। उसके शरीर पर आग लगी हुई थी। इसके बाद आसपास के लोग जमा हो गए। फौरन उसे अस्पताल पहुंचाया गया। इसके बाद पता लगा कि पड़ोस में रहने वाली अनीता और गैस सिलिंडर का काम करने वाला युवक भी झुलसा है।
उन्होंने बताया कि शाम को खाना बनाने की तैयारी चल रही थी। देखा कि गैस खत्म हो गया। बेटे को अमरीक के घर पर भेजा था कि सिलिंडर मिल जाएगा, लेकिन वहां पर बड़े सिलिंडर से छोटे में गैस डालने पर लीकेज हो गई और न जाने कैसे आग लग गई।
इस आग से चार लोग झुलसे गए और घर के बाहर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। हादसे के बाद जोरदार धमाका हुआ, जिससे आसपास के लोग जमा हो गए। लोगों ने मामले की सूचना पुलिस और फायर ब्र्रिगेड को दी। फायर ब्रिगेड टीम ने आग पर काबू पाया।
कई महीनों से चला था सिलिंडर भरने का कारोबार
पड़ोसियों ने बताया कि गैस सिलिंडर भरने का काम पिछले कई महीनों से इस मोहल्ले में चल रहा है। आग लगने के बाद हर कोई अपनी जिम्मेदारी से पीछे हट रहा है। पुलिस के अनुसार बड़े सिलिंडर से छोटे में गैस भरी जा रही थी। इस दौरान सिलिंडर में लीकेज हो गई और वहां पर इलेक्ट्रिक शार्ट की वजह से आग लग गई। ऐसे में सवाल उठता है कि पिछले इतने दिनों से अवैध तरीके से सिलिंडर भरने का कारोबार किया जा रहा था तो इस पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
पुलिस ने दर्ज किया केस
हादसा इतना जबरदस्त होने के बावजूद गनीमत रही कि आग आसपास के मकानों तक नहीं पहुंची। वरना बड़ा हादसा हो सकता था। सेक्टर-36 थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अवैध तरीके से गैस सिलिंडर भरने पर अमरीक सिंह पर लापरवाही के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है।