Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chandigarh ›   A female cook and servant committed a major crime in the house of Punjab-Haryana's big liquor businessman Rakesh Singla

Chandigarh News: पंजाब-हरियाणा के बड़े शराब कारोबारी राकेश सिंगला की कोठी में महिला रसोइया व नौकर ने की बड़ी वारदात

Sun, 21 Apr 2024 04:51 AM IST
Chandigarh Bureau चंडीगढ़ ब्यूरो
Updated Sun, 21 Apr 2024 04:51 AM IST
विज्ञापन
A female cook and servant committed a major crime in the house of Punjab-Haryana's big liquor businessman Rakesh Singla
चंडीगढ़। हरियाणा-पंजाब के बड़े शराब ठेकेदार व सिंगला वाइन के संचालक अरविंद सिंगला के भाई राकेश सिंगला की सेक्टर-33सी स्थित कोठी में शनिवार तड़के तीन बजे दो नौकरों ने अपने तीन साथियों के साथ लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। नौकरों ने पहले राकेश सिंगला, महिला नौकरानी और ड्राइवर को खाने में नशीला पदार्थ देकर बेहोश किया, फिर शराब कारोबारी की मां ऊषा सिंगला को बंधक बनाकर स्टोर रूम में रखे दो लॉकरों से दो किलो सोने-चांदी के गहने और 35 लाख की नकदी व अन्य कीमती सामान ले उड़े। लुटेरे कोठी में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी साथ ले गए हैं। सेक्टर-34 थाना पुलिस ने आरोपी नौकर राजू, महिला रसोइया लक्ष्मी समेत पांच के खिलाफ आईपीसी की धारा 328 व 395 के तहत केस दर्ज कर सभी की तलाश शुरू कर दी है।सिंगला बंधुओं की मां ऊषा सिंगला ने पुलिस को बताया कि पुराने नौकर के काम छोड़ने के बाद करीब 10 दिन पहले ही उन्होंने आरोपी राजू और लक्ष्मी को एक जानकार महिला के जरिए काम पर रखा था। शुक्रवार रात दोनों ने खाने में कुछ नशीला पदार्थ मिलाकर सबको खिला दिया। खाना खाकर उनका बेटा राकेश बेसुध होकर सो गया। एक अन्य महिला नौकर व ड्राइवर भी खाना खाते ही बेसुध हो गए। तड़के ढाई बजे राजू और लक्ष्मी अपने तीन साथियों के साथ उनके कमरे में आए और मारपीट कर उन्हें बंधक बना लिया। आरोपियों ने उनके हाथ-पैर बांधकर उन्हें बाथरूम में डाल दिया और गहने-पैसे के बारे में पूछा। जब उन्होंने कुछ भी बताने से इन्कार किया तो उन्होंने जान से मारने की धमकी दी। डर के मारे उन्होंने सारी जानकारी दे दी। आरोपियों ने भूमि तल व पहली मंजिल पर बने स्टोर में रखे दो लॉकरों को तोड़कर नकदी और गहने लूट लिए और भाग निकले।
विज्ञापन

करीब पौने चार बजे ऊषा सिंगला ने खुद को जैसे-तैसे बंधनमुक्त किया। बाथरूम का दरवाजा बंद होने पर वह खिड़की से बाहर आईं। इसके बाद कोठी से कुछ दूर मौजूद सिक्योरिटी गार्ड के पास पहुंचकर सारी बात बताई। गार्ड ने पुलिस को फोन किया लेकिन बात नहीं सकी। सुबह चार बजे गार्ड के मोबाइल से बुजुर्ग ने बेटे अरविंद सिंगला को फोन किया, जिसके बाद वह भाई के घर पहुंचे। अरविंद सिंगला ने पुलिस को वारदात की सूचना दी, फिर बेसुध पड़े भाई राकेश सिंगला, महिला नौकरानी व ड्राइवर को पुलिस की मदद से जीएमसीएच-32 में भर्ती करवाया। पुलिस जब कोठी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकालने पहुंची डीवीआर नहीं मिला।
विज्ञापन

इसके बाद डीएसपी दक्षिण दलबीर सिंह, सेक्टर-34 थाना प्रभारी बलदेव कुमार और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने ऊषा सिंगल समेत अस्पताल में भर्ती राकेश सिंगला, महिला नौकरानी व ड्राइवर के बयान दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ चोरी व लूट समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
विज्ञापन
विज्ञापन


बॉक्स
बुड़ैल में लूट की साजिश रचे जाने का शक, दो हिरासत में
सिंगला कोठी में वारदात को अंजाम देने योजना आरोपियों ने कुछ दिन पहले बनाई थी। आरोपी महिला रसोइया लक्ष्मी और उसका साथी राजू बुधवार को एक साथ छुट्टी लेकर बुड़ैल गए थे। जांच में पता चला है कि दोनों आरोपियों ने वहां अपने कुछ साथियों से मुलाकात की और शाम को कोठी में लौट आए। पुलिस को शक है कि बुड़ैल में ही लूट की योजना बनाई गई। मामले में पुलिस ने एक महिला समेत दो लोगों को हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। यह बात भी सामने आई है कि राकेश सिंगला की पत्नी शिल्पा सिंगला अपने दोनों बच्चों के साथ जालंधर रिश्तेदारी में गई हुईं हैं। वीरवार को शिल्पा को महिला रसोइया ने फोन कर बातों ही बातों में उनसे चंडीगढ़ लौटने की बात पूछी। शिल्पा ने बताया कि अभी उन्हें 2-3 दिन लगेंगे। ऐसे में आरोपियों ने घर में कम लोगों के होने का फायदा उठाते हुए शुक्रवार रात व शनिवार तड़के वारदात को अंजाम दे डाला।

दोनों लॉकर में लगा था फिंगर प्रिंट लॉक, हथौड़े से तोड़ा, नहीं बजा हूटर
सिंगला की कोठी में भूमि तल व पहली मंजिल पर बने स्टोर रूम में दो लॉकर रखे गए थे, जिनमें गहने व कैश रखे थे। आरोपी राजू और लक्ष्मी ने वारदात की रात फोन कर तीन अन्य साथियों को भी कोठी में बुला लिया। बाहर से आए तीनों आरोपी अपने साथ हथौड़े व अन्य औजार लेकर आए थे। ऊषा सिंगला से गहने और कैश की जानकारी मिलने के बाद पहले आरोपियों ने भूमि तल पर स्टोर में रखे लॉकर को खोलने की कोशिश की लेकिन फिंगर प्रिंट लॉक के चलते लॉकर नहीं खुला। ऐसे में आरोपियों ने हथौड़े से लॉकर को तोड़ा और गहने व नकदी निकाल लिया। इसके बाद आरोपी पहले पहली मंजिल पर बने स्टोर में पहुंचे और वहां भी औजारों की मदद से लॉकर को तोड़कर गहने-कैश निकाले। दोनों लॉकर तोड़ने के दौरान कोई हूटर भी नहीं बजा।

नौकरों की नहीं हुआ था पुलिस सत्यापन
कोठी मालिक राकेश सिंगला ने दोनों नौकरों में से किसी का भी पुलिस सत्यापन नहीं कराया था। अगर नियमानुसार, नौकरी पर रखने से पहले आरोपियों का सत्यापन कराया गया होता तो पुलिस को उनकी पहचान व पते की जानकारी होती। बाकायदा यूटी पुलिस की ओर से आए दिन शहरवासियों को नौकर रखने से पहले उनके सत्यापन संबंधी आगाह किया जाता है लेकिन राकेश सिंगला के परिवार ने इस पर ध्यान नहीं दिया।


बॉक्स
पहले भी सुर्खियों में रहे हैं शराब कारोबारी सिंगला बंधु
- वर्ष 2019 में शराब कारोबारी राकेश सिंगला ने कुछ कारोबारियों से अलग होकर अपनी बीयर लांच की थी। इसकी अच्छी बिक्री और बाजार में तेजी से बढ़ते नाम से दूसरा गुट सिंगला बंधुओं से रंजिश रखने लगा। इसके बाद मई 2019 में सिंगला बंधुओं की कोठी पर अज्ञात बदमाशों ने अंधाधुंध गोलियां चलाईं थीं।
- शराब कारोबारी अरविंद सिंगला का नाम सेक्टर-37 में कोठी कब्जाने के प्रकरण में भी काफी उछला था। पुलिस रिकॉर्ड अनुसार, सेक्टर-37 में राहुल मेहता की कोठी को अरविंद सिंगला और खलिंदर कादियान ने जीपीए के जरिए अपने नाम करवा लिया था। इसमें 33 प्रतिशत हिस्सेदारी अरविंद की थी। इसके बाद इन लोगों ने सौरभ गुप्ता को 3.85 करोड़ में कोठी बेच दी। अरविंद के हिस्से में कुल 1.28 करोड़ आए थे। इस मामले में कारोबारी अरविंद सिंगला पर भी केस दर्ज हुआ था, जिसमें वह करीब 100 दिनों तक फरार रहे थे, फिर कोर्ट में पहुंचकर सरेंडर कर दिया था।
- एक अन्य मामले में अंबाला कैंट निवासी श्वेता सिंगला ने पुलिस को शिकायत देकर कहा था कि उनके पति दीपक सिंगला ने अपने चचेरे भाई अरविंद सिंगला के साथ अगस्त 2015 को बेल इंटरप्राइजेज नाम की एक कंपनी खोली थी। 60 प्रतिशत की पार्टनरशिप अरविंद सिंगला और 40 प्रतिशत की हिस्सेदारी उनके पति के पास थी लेकिन कुछ समय बाद कंपनी डूबने लगी। जून 2016 में दीपक को गोली लगी और वह मोहाली स्थित फोर्टिस अस्पताल में भर्ती हुए। आरोप के मुताबिक, इसी बीच अरविंद सिंगला ने धोखे से श्वेता के हस्ताक्षर लेकर खुद को कंपनी से अलग कर लिया ताकि वह डूबती कंपनी में देनदारी से बच सकें।


वर्जन
दोनों मुख्य आरोपियों ने लूट की वारदात से पहले इसकी योजना बनाई। उनके साथी कोठी में औजार लेकर आए थे, जिसकी मदद से लॉकर तोड़े गए। आरोपी सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर साथ ले गए हैं। वारदात के बाद सभी पैदल ही फरार हुए। सेक्टर में लगे सीसीटीवी कैमरों में उनकी फुटेज कैद हुई है। इसमें वे बैग लेकर जाते दिख रहे हैं। शहर से आरोपी बस से बाहर भागे हैं। आरोपियों का पकड़ने के लिए कई टीमें बनाई गईं हैं। जल्द ही मामले को सुलझा लिया जाएगा।
-बलदेव कुमार, एसएचओ, सेक्टर-34 थाना
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed