Punjab: पंजाब पुलिस ने मुंबई के नाहवा शेवा बंदरगाह से बरामद की 73 किलो हेरोइन, महाराष्ट्र पुलिस के साथ ज्वाइंट ऑपरेशन में मिली सफलता
पंजाब पुलिस और महाराष्ट्र पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर मुंबई के नाहवा शेवा बंदरगाह से 73 किलो हेरोइन बरामद की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नशे के विरुद्ध जारी जंग में पंजाब पुलिस ने बीते 72 घंटे से भी कम समय में एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए शुक्रवार को मुंबई के नहावा शेवा बंदरगाह पर पहुंचे एक कंटेनर से करीब 73 किलो हेरोइन की बड़ी खेप बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 365 करोड़ रुपये है।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से हेरोइन तस्करी की खुफिया जानकारी पर पंजाब पुलिस और महाराष्ट्र पुलिस की टीमों ने यह साझा कार्रवाई की है। दो दिन पहले भी पंजाब पुलिस ने गुजरात पुलिस के साथ मिलकर गुजरात के मुंद्रा बंदरगाह पर एक कंटेनर से 75 किलो हेरोइन पकड़ी थी। तीन दिन के भीतर कुल 148 किलो हेरोईन बरामद हुई है। डीजीपी यादव के मुताबिक मुंबई के नहावा शेवा बंदरगाह पर पकड़ा कंटेनर दिल्ली के एक व्यापारी के नाम पहुंचा था।
टाइल वाले कंटेनर के दरवाजे में छिपाकर रखी थी
डीजीपी के मुताबिक दिल्ली के एक आयातक ‘नंदनी ट्रेडर्स’ ने यूएई से सफेद संगमरमर की टाइलों का एक कंटेनर मंगवाया था। तस्करों ने कंटेनर के दरवाजे के बॉर्डर में हेरोइन छुपाकर रखी थी। इस नशीले पदार्थ को छिपाने के बाद मुलजिमों ने दरवाजे के बॉर्डर को बहुत सावधानी से वेल्डिंग करके दोबारा पेंट कर दिया था।
कंटेनर आने की सूचना मिलते ही पंजाब पुलिस के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) एसएएस नगर ने तुरंत एक पुलिस टीम को मुंबई भेजकर नहवा शेवा बंदरगाह पर तैनात कर दिया। साथ ही महाराष्ट्र पुलिस को भी सूचित किया। कंटेनर जब खोला गया तो उससे 73 किलो हेरोइन की खेप बरामद हुई। पुलिस इस कंटेनर को भेजने वाले और रिसीव करने वाली कंपनी के अब तक के संबंधों का पता लगा रही है। महाराष्ट्र पुलिस ने भी एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत यह मामला दर्ज कर लिया है।
मलेरकोटला आ रहे कंटेनर से पकड़ी गई थी 75 किलो हेरोइन
मंगलवार को पंजाब पुलिस ने गुजरात पुलिस के साथ मिलकर मुद्रा पोर्ट से पंजाब पुलिस ने 75 किलो हेरोइन पकड़ी थी। गुजरात से जो हेरोइन की खेप पकड़ी गई थी, वह मलेरकोटला के एक व्यापारी के नाम पर आया था। पंजाब पुलिस इसकी जांच कर रही है। गुजरात एटीएस ने भी इस मामले में पंजाब में दबिश दी है।
एक सप्ताह पहले पकड़े गए थे 676 ड्रग्स सप्लायर
पंजाब पुलिस ने पिछले एक सप्ताह में 676 ड्रग्स सप्लायर पकड़े थे। इन गिरफ्तारियों से नशा तस्करों के गठजोड़ को झटका लगा है। पुलिस ओर से चलाई गई नशा विरोधी मुहिम के दौरान के 5.57 किलो हेरोइन, 17 किलो अफीम, 25 किलो गांजा, 7 क्विंटल भुक्की, 2.25 लाख नशीली गोलियां बरामद हुई है। पिछले एक सप्ताह के दौरान एनडीपीएस एक्ट के तहत 559 एफआइआर दर्ज की गई है। इसके साथ साथ 32 पीओ गिरफ्तार किए गए है।