{"_id":"fdbf721d7d97012906a94e3a90a27122","slug":"43-67-percent-voting-in-ward-10-election-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"उपचुनाव: बारिश के बीच 43.67 फीसदी मतदान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
उपचुनाव: बारिश के बीच 43.67 फीसदी मतदान
ब्यूरो/अमर उजाला, चंडीगढ़
Updated Mon, 02 Mar 2015 12:26 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बारिश के बीच वार्ड नंबर-10 का रविवार को उपचुनाव हुआ और कुल 43.67 फीसदी वोटिंग हुई। चुनाव विभाग के अनुसार, कुल 24170 में से 10555 वोट पड़े। दोपहर बाद तेज बारिश होने के कारण मतदान केंद्रों पर काफी देर तक सन्नाटा छाया रहा। राजनीतिक दलों के अनुसार, अगर बारिश नहीं होती तो मतदान 50 प्रतिशत से अधिक होता।
विज्ञापन
बहरहाल, सेक्टर-11 के कॉलेज में तीन मार्च को मतों की गिनती होगी और परिणाम की घोषणा की जाएगी। चुनाव के दौरान भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच किसी-किसी सेंटर पर मामूली बहस भी हुई।
विज्ञापन
सेक्टर-41 ए के सरकारी स्कूल के बाहर डिप्टी मेयर गुरबख्श रावत के पति वीरेंद्र सिंह की स्थानीय मंडल अध्यक्ष गुरिंदर कौशिक के साथ जमकर बहस हुई। नौबत हाथापाई तक पहुंच गई थी, लेकिन मौके पर खड़े अन्य नेताओं ने बीचबचाव किया।
विज्ञापन
दोनों दलों के नेता मतदाताओं से अपने-अपने उम्मीदवार को वोट देने की अपील कर रहे थे। वहीं, एक जगह तो विवाद इतना बढ़ा कि एक भाजपा नेता को पुलिस को हिरासत में लेना पड़ा। बाद में भाजपा अध्यक्ष संजय टंडन के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।
गाड़ियों में बैठाकर वोटरों को लाया
बारिश के कारण नेताओं ने मतदाताओं को घर से लाने के लिए अपने वाहन भी दौड़ाने पड़े। युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष हरमेल केसरी भी अपनी इनोवा में मतदाताओं को घर से लाते दिखे। बारिश की संभावना को देखते हुए कांग्रेस और भाजपा-अकाली गठबंधन ने मतदाताओं को लाने के लिए पहले से ही टैक्सियां भी बुक करा ली थी।
ऐसा रहा है जीत-हार का आंकड़ा
मलकीयत सिंह के निधन के कारण इस सीट के लिए उपचुनाव हुआ। इससे पहले साल-2009 में इस सीट के लिए हुए उपचुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार भूपेंद्र सिंह बढ़हेड़ी ने भाजपा-अकाली गठबंधन के उम्मीदवार मलकीयत सिंह को 33 वोट से हराया था, जबकि वर्ष 2011 के हुए चुनाव में गठबंधन के उम्मीदवार मलकीयत सिंह ने कांग्रेस उम्मीदवार जसबीर सिंह बंटी से 483 वोट से जीते थे।
बारिश के बाद भी नहीं बढ़ा वोटिंग टाइम
भाजपा पार्षद दल के नेता अरुण सूद का कहना है कि दोपहर बाद काफी बारिश हुई थी। ऐसे में चुनाव विभाग को वोटिंग के लिए समय बढ़ाना चाहिए था। भाजपा की ओर से इसकी मांग भी की गई थी।
कांग्रेस नेता का वीडियो हुआ वायरल
मतदान के दौरान एक कांग्रेस नेता का वीडियो वायरल हुआ, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि इस वार्ड से पहले हुए दो चुनावों में उन्होंने ही कांग्रेस के उम्मीदवारों को हरवाया था। वहीं, इसे आधार बनाकर भाजपा ने मतदान के दौरान फायदा लेने का भी प्रयास किया।
सबने किया जीत का दावा
भाजपा-अकाली गठबंधन के उम्मीदवार हरदीप सिंह की जीत पक्की है। वह एक हजार से ज्यादा मार्जन से जीतेंगे।
- सतीश कैंथ, भाजपा पार्षद
कांग्रेस उम्मीदवार के पक्ष में जमकर मतदान हुआ है। इसलिए भूपेंद्र सिंह का जीतना तय है।
दवेंद्र सिंह बबला, कांग्रेस नेता
वार्ड-10 उपचुनाव के लिए 43.67 प्रतिशत मतदान हुआ। अब तीन मार्च को मतों की गिनती होगी।
- संदीप हंस, रिटर्निंग ऑफिसर