पंजाबः अंबाला-चंडीगढ़ राजमार्ग पर एसयूवी कार से 26 किलो सोना बरामद, चार लोग गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चंडीगढ़-अंबाला राजमार्ग पर मंगलवार सुबह नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक एसयूवी गाड़ी में 26 किलो की सोने की तीन ईंटें बरामद कर चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी सोने की यह खेप दिल्ली से हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश) ले जा रहे थे।
पूछताछ में चारों आरोपी सोने के संबंध में कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सके। पुलिस ने सोने को कब्जे में लेकर डीडीआर दर्ज कर आयकर, जीएसटी व कस्टम विभाग को सूचित कर दिया है। पुलिस ने पकड़े गए सोने का बाजार मूल्य करीब 7.80 करोड़ बताया है।
एसपी डी. वरुण शर्मा, डीएसपी सिमरनजीत सिंह लंग ने बताया कि चुनाव आचार संहिता लागू होने के चलते मंगलवार सुबह लालड़ू पुलिस थाना प्रभारी गुरचरण सिंह व एएसआई जसविंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हरियाणा-पंजाब सीमा झरमड़ी बैरियर पर नाका लगाया था।
इस दौरान वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। सुबह 10:30 बजे अंबाला की ओर से आ रही कर्नाटक नंबर की गाड़ी को रोककर जब तलाशी ली गई तो 26 किलो सोना बरामद हुआ। इन ईंटों को एक बोरी में बांधकर लकड़ी की पेटी में पैक किया गया था।
गाड़ी में चार लोग सवार थे, जिनकी पहचान राकेश कुमार निवासी गांव कारदी पुलिस स्टेशन नादौन जिला हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश), बलबीर सिंह निवासी दौबाद कलां पुलिस स्टेशन नादौन जिला हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश), संजय कुमार निवासी गांव बलियाना थाना ज्वालामुखी जिला कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश) और जसवंत सिंह निवासी गांव गेविड़ा थाना कोसिया जिला जोधपुर के रूप में हुई है।
दक्षिण अफ्रीका से लाए थे
आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह यह सोना दक्षिण अफ्रीका से लेकर आए हैं। दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरने के बाद वहां से इसे हिमाचल के हमीरपुर स्थित एजेएस गोल्ड व सिल्वर फैक्टरी में ले जा रहे थे। आरोपियों ने दावा किया कि वह कंपनी में काम करते हैं, जहां सोने के अलग-अलग साइज के बिस्किट बनाकर उनको पंजाब, हरियाणा व हिमाचल प्रदेश में सप्लाई किया जाता है।
खबर लिखे जाने तक इनकम टैक्स विभाग चंडीगढ़ से आईटीओ संजय जिंदल ने लालड़ू थाने में पहुंचकर जांच शुरू कर दी थी। डेराबस्सी के डीएसपी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए एसपी डी वरुण शर्मा ने बताया कि चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद जिला मोहाली पुलिस अब तक 10 किलो अफीम, एक किलो हेरोइन, दो हजार शराब की पेटियां, 83 लाख की नकदी बरामद कर चुकी है।