चंडीगढ़। धनास में चंडीगढ़ पुलिस कर्मचारियों के लिए 216 फ्लैट्स बनने जा रहे हैं। इसके लिए चंडीगढ़ प्रशासन के इंजीनियरिंग विभाग की ओर से टेंडर जारी कर दिया गया है। 216 फ्लैट्स का निर्माण 51 करोड़ 12 लाख 32 हजार 124 रुपये में किया जाएगा। धनास में चंडीगढ़ पुलिस के लिए कांप्लेक्स का निर्माण किया जा रहा है, जहां वरिष्ठता के आधार पर पुलिस कर्मियों को मकान आवंटित किए जाएंगे।
प्रशासन की ओर से जारी टेंडर के अनुसार टेंडर की बिड 29 अक्तूबर को खोली जाएगी और जिस भी कंपनी को काम सौंपा जाएगा, उसे दो साल में इन फ्लैट्स का निर्माण करना होगा। धनास के पुलिस कांप्लेक्स में वर्तमान में भी कई फ्लैट्स बनाए जा चुके हैं। कांप्लेक्स में कुल 1272 प्लैट्स बनने हैं। यहां सात मंजिला टावर बनाए जाने हैं। टेंडर के अनुसार प्रत्येक टावर में 24 प्लैट्स होंगे और हर ब्लॉक में एक लिफ्ट लगेगी। ग्राउंड फ्लोर पार्किंग के लिए होगा, जबकि छह मंजिल पर प्लैट्स बनेंगे। इनमें सीढ़ियां और लिफ्ट दोनों होंगे। प्रत्येक फ्लैट में दो कमरे, अटैच बॉथरूम, डाइनिंग कम ड्राइंग, किचन और बालकनी होगी। गौरतलब है कि इन प्लैट्स को बनाने का खर्च चंडीगढ़ पुलिस विभाग की ओर से उठाया जा रहा है। जानकारी के अनुसार धनास के पुलिस कांप्लेक्स में 336 फ्लैट्स का निर्माण कार्य दिसंबर 2020 तक पूरा हो जाएगा। इसके बाद 216 फ्लैट्स को बनाने का कार्य शुरू किया जाएगा।