Ludhiana Gas Leak: तीन परिवारों का काल बना रविवार, गैस ने लील लिया डॉक्टर कविलाश का पूरा परिवार
Ludhiana Gas Leak Today: लुधियाना के ग्यासपुरा इलाके में रविवार सुबह गैस रिसाव होने से 11 लोगों की मौत हो गई। दुकान पर सामान लेने के लिए पहुंचे लोग एक एक कर मरने लगे तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। प्रशासन और एनडीआरएफ ने मोर्चा संभाला और पूरे इलाके को सील कर दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लुधियाना के ग्यासपुरा में रविवार का दिन तीन परिवारों के लिए काल बनकर आया। क्षेत्र में सुबह साढ़े सात बजे गैस लीक होने से 11 लोगों की मौत हो गई जिनमें दस लोग तीन परिवारों के हैं। इनमें दो बच्चे भी शामिल हैं। अभी तक प्रशासन की तरफ से ये नहीं बताया गया कि गैस कौन सी लीक हुई थी। एनडीआरएफ की टीमें जांच कर रही हैं। ग्यासपुरा गैस लीक कांड में तीन परिवारों के 10 लोग मारे गए हैं। 11वां व्यक्ति (25 साल का पुरुष) अभी अज्ञात है।
ऐसे आई मौत
ग्यासपुरा 33 फुटा रोड पर गोयल कोल्डड्रिंक नाम से किराना की दुकान है उसके साथ ही डॉ. कविलाश का आरती क्लीनिक है। साथ में ही नवनीत कुमार का घर है। रविवार सुबह करीब सात बजे जहरीली गैस का असर होने लगा। यह असर सबसे पहले गोयल करियाना स्टोर के पास हुआ। दुकान में मौजूद सौरव गोयल को सांस लेने में तकलीफ होने लगी। जिसके बाद शोर मचा तो उसका भाई गौरव गोयल और परिवार के अन्य लोग भी नीचे आ गए। जैसे जैसे वे नीचे आते गए, बेहोश होते गए। इस पर वहां कोहराम मच गया। नवनीत कुमार और उसकी पत्नी नीचे थे तो उन्हें भी सांस लेने में तकलीफ हुई। जिसके बाद उन्होंने अपनी बेटी और भाई को नीचे बुलाया तो वह भी बेहोश हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक डॉ. कविलाश का घर भी दुकान के ऊपर ही है, इसलिए वह जल्दी ही क्लीनिक खोल देते हैं। उनका पूरा परिवार भी सांस लेने में दिक्कत के कारण नीचे की तरफ भागा तो सभी वहां बेहोश होकर गिर गए। गैस का असर ज्यादा होने लगा तो लोगों ने इसकी जानकारी प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही पीसीआर कर्मचारी टेंगो 42 के मुलाजिम वहां पहुंचे। उनमें से एक मुलाजिम सावन कुमार जब घायलों को बचाने के लिए आगे गया तो वह भी बेहोश होकर गिरगया। मुलाजिम भी दहशत में आ गए। इसके बाद मुलाजिमों ने मुंह कपड़े से ढके और घायलों को अपनी गाड़ी में डाल कर अस्पताल पहुंचाया और तुरंत सीनियर अधिकारियों को सूचना दे दी। जिन लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया था उनमें से 11 लोगों की तो मौत हो गई।
तीस साल से क्लीनिक चला रहे थे कविलाश
आरती क्लीनिक चलाने वाले कविलाश के लिए गैस लीक काल साबित हुई। कविलाश पुत्र चालक देव यादव निवासी सूआ रोड ग्यासपुरा आरती क्लीनिक चलाता था। उनकी पत्नी वर्षा (35) और तीन बच्चों कल्पना (16), अभय (13) और आर्यन (10) की गैस लीक से मौत हो गई है। कविलाश मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं लेकिन पिछले 30 साल से वे पंजाब में बसे हुए हैं।
यह भी पढ़ें: Ludhiana Gas Leak: कटे पेड़ की तरह गिरते गए लोग, किराना की दुकान के बाहर दिखा खौफनाक मंजर, देखें तस्वीरें
गोयल किराना स्टोर के मालिक ने गंवाई जान
सौरव गोयल (35) पुत्र स्वर्गीय अशोक गोयल निवासी लाल चक्की रोड ग्यासपुरा क्षेत्र में गोयल किराना स्टोर चला रहा था। गैस लीक में उनकी भी जान चली गई। वहीं उनकी पत्नी प्रीति (31) और मां कमलेश गोयल (60) की भी मौत हो चुकी है। भाई गौरव (50) बीमार है और सिविल अस्पताल में उपचाराधीन है। मूल रूप से वे यूपी के अलीगढ़ के रहने वाले हैं, लेकिन पिछले 20-22 साल से पंजाब में बसे हुए हैं।
कल गांव जाने वाले थे नवनीत
नवनीत कुमार (39) पुत्र कुमुद कुमार आरती स्टील, विश्कर्मा चौक में मुनीम के पद पर कार्यरत थे। गैस लीक में उनकी और उनकी पत्नी नीतू देवी (37) की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि नौ मई को उनके घर में शादी है और उन्हें सोमवार को गांव के लिए निकलना था। उनका भाई नितिन कुमार (40) नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन है। नितिन टाटा कंपनी बीकानेर में कार्यरत है। उनके पिता और माता फिलहाल पटना में रहते हैं। दोनों भाई पिछले 20 साल से लुधियाना में रह रहे थे।