Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Bihar ›   The purpose of journalism is not just to report news but also to bring societal issues to light; Shravan Kumar

बिहार: पत्रकारिता का उद्देश्य सिर्फ खबर देना नहीं, समाज की समस्याओं को सामने लाना भी है; मंत्री श्रवण कुमार

Mon, 16 Nov 2026 06:23 PM IST
शबाहत हुसैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना Published by: शबाहत हुसैन Updated Mon, 16 Nov 2026 06:23 PM IST
सार

राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर पटना में आयोजित परिचर्चा में मंत्री श्रवण कुमार ने पत्रकारिता में विश्वसनीयता, निष्पक्षता और जिम्मेदारी बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने भ्रामक खबरों से बचने और तथ्यों के आधार पर समाचार प्रसारित करने की सलाह दी।

विज्ञापन
The purpose of journalism is not just to report news but also to bring societal issues to light; Shravan Kumar
मंत्री श्रवण कुमार - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर सोमवार को सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सभागार में परिचर्चा का आयोजन किया गया। इस वर्ष परिचर्चा का विषय ‘पत्रकारिता : लोकप्रियतावादी या जिम्मेदारी’ रखा गया था। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता लोकतंत्र को मजबूत बनाती है। समाज में पत्रकारिता की भूमिका बेहद अहम है। पत्रकारों का काम केवल समाचार देना नहीं, बल्कि आम लोगों, खासकर समाज के सबसे निचले तबके की समस्याओं को सामने लाना भी है।

विज्ञापन

उन्होंने कहा कि अपुष्ट और सनसनीखेज खबरों को प्रसारित या साझा करने से बचना चाहिए, क्योंकि इससे समाज में भ्रम और तनाव पैदा हो सकता है। पत्रकारिता को अपनी विश्वसनीयता और जनहित के मूल सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं करना चाहिए। किसी व्यक्ति की निजता, गरिमा और संवेदनशीलता का सम्मान होना चाहिए। साथ ही समाचार और आरोप के बीच अंतर स्पष्ट रहना चाहिए।

विज्ञापन

मंत्री ने कहा कि बिहार में पत्रकारिता की समृद्ध परंपरा रही है। सोशल मीडिया के इस दौर में आम नागरिकों का भी दायित्व है कि किसी समाचार या जानकारी को साझा करने से पहले उसकी सत्यता और विश्वसनीयता की जांच कर लें। स्वतंत्रता के साथ विश्वसनीयता भी जरूरी है। लोकप्रियता गलत नहीं है, लेकिन इसके लिए गलत और भ्रामक तथ्यों का सहारा नहीं लिया जाना चाहिए। खबरों का प्रसार सही और तथ्यपरक जानकारी के आधार पर होना चाहिए।

विज्ञापन
विज्ञापन

उन्होंने कहा कि बिहार के विकास की चर्चा करते समय पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में हुए विकासात्मक बदलावों को भी याद करना चाहिए। शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी और महिला सशक्तीकरण से लेकर आम लोगों का जीवन आसान बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण काम किए गए। छात्राओं को स्कूल तक पहुंचाने के लिए साइकिल और पोशाक जैसी योजनाएं शुरू की गईं। वर्ष 2018 में बिहार देश का पहला राज्य बना, जहां घर-घर तक बिजली पहुंचाई गई।

महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए पंचायती राज व्यवस्था और नगर निकायों में 50 प्रतिशत आरक्षण की शुरुआत की गई। इसके बाद सरकारी नौकरियों समेत अन्य क्षेत्रों में भी आरक्षण का प्रावधान किया गया। आज जीविका समूहों से करोड़ों महिलाओं और परिवारों को जोड़ा गया है। राज्य में 13 लाख स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) बनाए गए हैं और 1.85 करोड़ परिवारों को इससे जोड़ा गया है।

उन्होंने बताया कि 1.85 लाख महिलाओं को 10-10 हजार रुपये और एक लाख महिलाओं को 20-20 हजार रुपये दिए गए हैं। बिहार के 97-98 प्रतिशत घरों में नल का जल पहुंचाया गया है। प्रधानमंत्री ने भी इसकी सराहना की है और इसके आधार पर केंद्र सरकार ने भी योजना बनाई। नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में शुरू किए गए जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत ग्रामीण विकास विभाग और पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने संयुक्त रूप से राज्य में 23 करोड़ से अधिक पौधे लगाए हैं। इस अभियान के समर्थन में पांच करोड़ लोगों ने 18 हजार किलोमीटर लंबी मानव शृंखला बनाई थी।

मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि वर्तमान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में शिक्षा, उद्योग और विधि-व्यवस्था समेत विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम हो रहे हैं। पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। 30 दिनों के भीतर जनता के काम नहीं करने वाले पदाधिकारियों पर सख्त कार्रवाई भी की जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रयासों से 551 मॉडल स्कूल और 211 डिग्री कॉलेज खोले गए हैं। नए टाउनशिप विकसित करने और उद्योगों में निवेश को लेकर भी कई महत्वपूर्ण काम हो रहे हैं। नीतीश कुमार की मजबूत नींव को आगे बढ़ाने का काम सम्राट चौधरी कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मीडिया को स्वस्थ आलोचना करनी चाहिए, लेकिन वास्तविक तथ्यों और विकास कार्यों को भी प्रमुखता से प्रस्तुत करना चाहिए। राज्य में 129 पत्रकारों को पत्रकार पेंशन योजना का लाभ दिया जा रहा है। इसके अलावा पत्रकार बीमा योजना के तहत भी बड़ी संख्या में पत्रकारों को जोड़ा गया है। आने वाले दिनों में पत्रकारों के कल्याण और सुविधाओं के लिए और भी काम किए जाएंगे।

इस मौके पर विभाग के संयुक्त सचिव अभिषेक पलासिया ने कहा कि प्रेस लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। यह जनता और सरकार के बीच संवाद स्थापित करने का माध्यम भी है। पिछले कुछ समय में प्रेस का स्वरूप तेजी से बदला है। पहले अखबार अधिक पढ़े जाते थे, जबकि अब सोशल मीडिया का इस्तेमाल बढ़ा है। इसके अनुसार समाचार सामग्री के स्वरूप में भी बदलाव आया है।

उन्होंने कहा कि बिहार की छवि में बदलाव आया है और अब राज्य की विकासात्मक पहचान बनी है। सरकार के अच्छे कार्यों को अधिक से अधिक खबरों में जगह मिलनी चाहिए। बिहार आज किसी राज्य से पीछे नहीं है, बल्कि कई क्षेत्रों में दूसरे राज्यों से आगे है।

परिचर्चा में टाइम्स ऑफ इंडिया के वरिष्ठ सहायक संपादक मदन कुमार ने कहा कि वर्तमान दौर में पत्रकारिता के लिए आत्मनियंत्रण, निष्पक्षता और जवाबदेही बेहद जरूरी हैं। खासकर सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक सूचनाओं पर प्रभावी नियंत्रण की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) सहित आधुनिक तकनीकों के बढ़ते इस्तेमाल के साथ फर्जी और भ्रामक खबरों की चुनौती भी बढ़ी है। ऐसे में पत्रकारिता का दायित्व है कि सूचनाओं का प्रसार तथ्यों और प्रमाणिक आंकड़ों के आधार पर किया जाए, ताकि समाज तक सही और विश्वसनीय खबरें पहुंच सकें।

जी टीवी के ब्यूरो चीफ रजनीश कुमार ने कहा कि खबरों की लोकप्रियता गलत नहीं है, लेकिन उनमें जिम्मेदारी और सत्यता भी होनी चाहिए। पत्रकारों को अपने अधिकारों का इस्तेमाल सावधानी से करना चाहिए। कशिश चैनल के संजय कुमार ने कहा कि पत्रकारिता केवल पेशा नहीं, बल्कि समाज के प्रति दायित्व है। कला रॉय ने कहा कि समय और तकनीक में बदलाव के साथ पत्रकारिता का स्वरूप भी बदला है। केवल खबरों को सनसनीखेज बनाना पत्रकारिता नहीं है।

कार्यक्रम को विभाग के सुनील पाठक और पिंडार के संपादक अतिकुर रहमान ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम की शुरुआत में संयुक्त सचिव अभिषेक पलासिया ने मंत्री का स्वागत किया। इस मौके पर संयुक्त निदेशक रविभूषण सहाय और संयुक्त निदेशक नागेंद्र गुप्ता भी मंच पर मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन सहायक निदेशक नूपुर झा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सहायक निदेशक विनीत सिन्हा ने किया।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed