Bihar: गोपालगंज में बिजली का करंट लगने से दो लोगों की मौत, दो जख्मी; परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल
Gopalganj News: गोपालगंज में दो अलग-अलग घटनाओं में बिजली का करंट लगने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग झुलस गए। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतकों के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
विस्तार
गोपालगंज जिले के भोरे थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग जगह पर बिजली का करंट लगने से दो लोगों की मौत हो गई। जबकि दो लोग जख्मी भी हो गए, जिन्हें गंभीर स्थिति में गोपालगंज के लिए रेफर कर दिया गया। एक मामले में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज भेज दिया। वहीं, दूसरे मामले में परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।
पहली घटना थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव में हुई। जहां राजेश भगत के घर का निर्माण कार्य चल रहा था। अहले सुबह ही राजमिस्त्री के साथ दो मजदूर काम करने आए थे। राजेश के घर की छत पर से हाई टेंशन तार गुजरा था। मजदूरों द्वारा घर की छत पर कॉलम खड़ा करने की कोशिश की जा रही थी। इसी दौरान कॉलम की छड़ हाई टेंशन तार से सट गई, जिससे उसमें करंट दौड़ गया और काम कर रहे कल्याणपुर गांव के राजमिस्त्री ताज मोहम्मद और मजदूर राधेश्याम भगत और संजय चौहान बुरी तरह झुलस गए।
इसके बाद आनन-फानन में उन्हें भोरे रेफरल अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने ताज मोहम्मद को मृत घोषित कर दिया। जबकि राधेश्याम भगत और संजय चौहान को गंभीर स्थिति में गोपालगंज के लिए रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची भोरे पुलिस ने ताज मोहम्मद के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज भेज दिया। घटना के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
वहीं, दूसरी घटना थाना क्षेत्र के हुस्सेपुर नवका टोला गांव में हुई। जहां घर में तूफान पंखा लगाकर सोए एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रवींद्र शर्मा का 18 वर्षीय पुत्र पवन शर्मा अपने कमरे में तूफान पंखा लगाकर रात्रि में सोया था। बिस्तर के नजदीक ही उसने पंखा लगा रखा था। शरीर की हरकत से पंखा अचानक उस पर गिर गया, जिससे उसके शरीर में बिजली का करंट दौड़ गया। इस वजह से उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद सुबह को जब छत पर सोए परिजनों की नींद खुली। जब काफी देर तक पवन शर्मा अपने कमरे से बाहर नहीं निकला तो वह लोग अंदर गए। जहां पवन शर्मा अपने बिस्तर पर मृत पड़ा था। बाद में परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही झरही नदी के किनारे उसका अंतिम संस्कार कर दिया। घटना के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।