Bihar: अनुकंपा के आधार पर 5353 अभ्यर्थियों को मिला नियुक्ति पत्र, सीएम नीतीश कुमार बोले- ईमानदारी से करें काम
Bihar: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सांकेतिक रूप से मणि कुमारी, अमित गौरव, दिव्या राज, किरण कुमारी गुप्ता और तूबा अशरफ को नियुक्ति पत्र दिया। मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त कर्मियों को बधाई और शुभकामनाएं
विस्तार
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अनुकंपा के आधार पर माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में 4835 विद्यालय लिपिक और 518 विद्यालय परिचारी के पदों पर चयनित कुल 5353 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित 'संवाद' में आयोजित हुआ। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सांकेतिक रूप से मणि कुमारी, अमित गौरव, दिव्या राज, किरण कुमारी गुप्ता और तूबा अशरफ को नियुक्ति पत्र दिया। मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त कर्मियों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि सभी अपने कर्तव्यों का निर्वहन ईमानदारी और निष्ठा से करेंगे।
ज्ञातव्य है कि वर्ष 2006 से शिक्षा विभाग में मृत शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मियों के आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर शिक्षक पद पर नियुक्ति का प्रावधान था। लेकिन जिन आश्रितों की योग्यता शिक्षक पद के लिए उपयुक्त नहीं थी, उन्हें 2020 से नियोजन इकाई के माध्यम से विद्यालय लिपिक और विद्यालय परिचारी के नियत वेतन पर नियुक्त किया जाने लगा। वर्ष 2024 तक यह प्रक्रिया जारी रही। वर्तमान में राज्य सरकार ने विद्यालय लिपिक और विद्यालय परिचारी को भी राज्यकर्मी की श्रेणी में लाते हुए उनकी नियुक्ति और सेवा शर्तों को बेहतर बनाया है।
पढे़ं: 'बिहार की जनता उन्हें नकार चुकी', राहुल-तेजस्वी की वोटर अधिकार यात्रा पर BJP नेता शाहनवाज हुसैन का तंज
आज पूरे राज्य में 4835 विद्यालय लिपिक और 518 विद्यालय परिचारी की नियुक्ति की गई है। केवल पटना जिले में ही 212 विद्यालय लिपिक और 28 विद्यालय परिचारी नियुक्त हुए हैं।कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मौके पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, शिक्षा मंत्री सुनील कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार और कुमार रवि, बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के निदेशक मयंक वरवड़े, शिक्षा विभाग के सचिव अजय यादव और दिनेश कुमार, पटना प्रमंडल के आयुक्त डॉ. चंद्रशेखर सिंह, प्राथमिक शिक्षा की निदेशक साहिला, पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. सहित अन्य वरीय अधिकारी और नियुक्तिपत्र पाने वाले अभ्यर्थी मौजूद थे।