Bihar News: गोपालगंज में बनेगा एलपीजी बॉटलिंग प्लांट, पीएम मोदी 24 अप्रैल को करेंगे वर्चुअल शिलान्यास
Gopalganj News: गोपालगंज में भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड के एलपीजी बॉटलिंग प्लांट का वर्चुअल शिलान्यास पीएम नरेंद्र मोदी 24 अप्रैल को करेंगे। प्लांट निर्माण की दिशा में जमीन की साफ-सफाई और आवश्यक तैयारियों के तहत वृक्षपातन की प्रक्रिया को लेकर एक उच्चस्तरीय समन्वय बैठक की गई।
विस्तार
बिहार के गोपालगंज जिले को औद्योगिक विकास की दिशा में एक और बड़ी सौगात मिलने जा रही है। जिले के हथुआ अनुमंडल में प्रस्तावित भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (BPCL) का एलपीजी बॉटलिंग प्लांट जल्द ही आकार लेने वाला है। आगामी 24 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मधुबनी से इस प्लांट का वर्चुअल माध्यम से शिलान्यास करेंगे। यह प्लांट 1200 मीट्रिक टन की क्षमता का होगा। इसके संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं।
यह भी पढ़ें- Bihar: SIT सीतामढ़ी के 12 छात्रों ने गेट परीक्षा 2025 की क्वालीफाई, कुमारी समृद्धि को मिली ऑल इंडिया रैंक 1572
वृक्षपातन के लिए समन्वय बैठक
प्लांट निर्माण की दिशा में जमीन की साफ-सफाई और आवश्यक तैयारियों के तहत वृक्षपातन (पेड़ों की कटाई) की प्रक्रिया को लेकर एक उच्चस्तरीय समन्वय बैठक की गई। इसमें जिलाधिकारी प्रशांत कुमार सीएच, वन प्रमंडल पदाधिकारी मेघा यादव, बियाडा के प्रतिनिधि और बीपीसीएल बॉटलिंग प्लांट के प्रोजेक्ट इंचार्ज आनंद कुमार मौजूद रहे। बैठक में पर्यावरण विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार पेड़ों के रखरखाव, कटाई, ट्रांसपोर्टेशन और प्रतिपूरक व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखते हुए ही प्लांट का निर्माण कार्य आगे बढ़ेगा।

रेलवे से जुड़कर ट्रांसपोर्टेशन को मिलेगी रफ्तार
प्रस्तावित बॉटलिंग प्लांट को भारतीय रेलवे से जोड़ा जाएगा, जिससे प्लांट में एलपीजी की आपूर्ति और वितरण व्यवस्था को गति मिलेगी। यह कनेक्टिविटी पूरे उत्तर बिहार के लिए एलपीजी की सहज आपूर्ति सुनिश्चित करेगी। योजना के अनुसार, ट्रेन के माध्यम से सीधे सिलेंडर की आपूर्ति और अन्य आवश्यक सामग्री का ट्रांसपोर्टेशन किया जाएगा।
यह बॉटलिंग प्लांट गोपालगंज सहित उत्तर बिहार के कई जिलों में एलपीजी आपूर्ति को और भी सुलभ और प्रभावी बनाएगा। इसके साथ ही क्षेत्रीय रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। इस परियोजना से न केवल उद्योग जगत को बल मिलेगा, बल्कि आम उपभोक्ताओं को भी एलपीजी की उपलब्धता में सुविधा होगी।
यह भी पढ़ें- Bihar: अनियंत्रित पिकअप ने कई गाड़ियों को मारी टक्कर, घायल कई लोगों में से दो की हालत गंभीर; चालक गिरफ्तार
बैठक में शामिल हुए कई वरिष्ठ अधिकारी
समन्वय बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व) आशीष कुमार सिन्हा, बीपीसीएल प्रोजेक्ट लीडर शुवोदीप शाह, वन प्रमंडल पदाधिकारी मेघा यादव और अन्य तकनीकी विशेषज्ञों ने भाग लिया। सभी अधिकारियों ने प्लांट निर्माण की प्रक्रिया को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ाने पर सहमति जताई।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.