Bihar News: दुकान पर धावा बोलकर हमलावरों ने दो सगे भाइयों पर किया तलवार से हमला, एक की मौत
Bihar: बताया जा रहा है कि दोनों भाई अपनी दुकान पर बैठे हुए थे, तभी आधा दर्जन की संख्या में पहुंचे हमलावरों ने अचानक तलवार और अन्य धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। दोनों को बुरी तरह लहूलुहान कर दिया गया। पढ़ें पूरी खबर
विस्तार
सिवान जिले के महाराजगंज नगर स्थित काजी बाजार में शुक्रवार की देर शाम एक सौंदर्य प्रसाधन की दुकान पर हमला कर दो सगे भाइयों को तलवार और धारदार हथियार से बुरी तरह जख्मी कर दिया गया। इस हमले में एक भाई की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है।
मृतक की पहचान रितेश पटवा के रूप में हुई है, जबकि घायल विकास पटवा को गंभीर अवस्था में इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर किया गया है। दोनों भाई महाराजगंज के नोनियाडीह मोहल्ले के निवासी और स्वर्गीय कन्हैया पटवा के पुत्र बताए जा रहे हैं।
अचानक हमला, किसी को संभलने का नहीं मिला मौका
बताया जा रहा है कि दोनों भाई अपनी दुकान पर बैठे हुए थे, तभी आधा दर्जन की संख्या में पहुंचे हमलावरों ने अचानक तलवार और अन्य धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। दोनों को बुरी तरह लहूलुहान कर दिया गया। हमले में रितेश की स्थिति गंभीर होने पर उसे सिवान सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वहीं, विकास का एक हाथ काट दिया गया और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पढ़ें: मानसून में अब पटना को नहीं सताएगा जलजमाव, मिल रही है स्थायी राहत; जानें कैसे?
परिजन और पुलिस की गैरमौजूदगी बनी बाधा
घायल विकास पटवा को जब पीएमसीएच पटना रेफर किया गया, तब मौके पर न तो परिवार के सदस्य मौजूद थे और न ही पुलिस का कोई सहयोग मिला। ऐसे में उसे पटना ले जाने के लिए कोई भी तैयार नहीं हो रहा था। घटना के पीछे पुरानी रंजिश को कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। हमले के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।