Bihar News: नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप, नामजद युवक गिरफ्तार; एफएसएल टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य
सारण जिले के परसा थाना क्षेत्र के सिकटी गांव में नाबालिग किशोरी से कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर नामजद आरोपी गणेश सहनी को गिरफ्तार कर लिया।
विस्तार
सारण जिले के परसा थाना क्षेत्र के सिकटी गांव में नाबालिग किशोरी के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है तथा जांच और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पीड़िता की मां की शिकायत पर दर्ज हुई प्राथमिकी
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की मां ने परसा थाना में लिखित आवेदन देकर गांव के ही गणेश सहनी पर नाबालिग के साथ दुष्कर्म का आरोप लगाया है। आवेदन और पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने परसा थाना कांड संख्या 366/26 दर्ज करते हुए पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
परसा थानाध्यक्ष ओम प्रकाश ने बताया कि घटना मंगलवार देर शाम की है, जबकि शिकायत बुधवार सुबह थाने में मिली। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी गणेश सहनी को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे छपरा व्यवहार न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की न्यायिक कार्रवाई की गई।
ये भी पढ़ें- Bihar: दोस्ती, प्यार और फिर खौफनाक अंत! खुदनेश्वर धाम में जिसकी मांग भरी, क्या वही बन गई मौत की वजह
पीड़िता का कराया गया मेडिकल परीक्षण
थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित नाबालिग को चिकित्सीय जांच के लिए छपरा सदर अस्पताल भेजा गया है। मेडिकल रिपोर्ट भी मामले की जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा होगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य
मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल की टीम सिकटी गांव पहुंची। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां से कुछ संदिग्ध वस्तुओं को साक्ष्य के रूप में जब्त किया। इन साक्ष्यों की जांच रिपोर्ट आने के बाद उन्हें केस डायरी का हिस्सा बनाया जाएगा।
हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। अनुसंधान के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों, पीड़िता के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।