बिहार: जमीन विवाद में रंजीत शर्मा की गोली मारकर हत्या, बेटे ने चाचा पर साजिश रचने का लगाया आरोप
अररिया-पूर्णिया सीमा क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर रंजीत शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। लालपुर नहर के फाटक के पास बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें पेट में गोली मारी। इलाज के लिए पूर्णिया ले जाते समय उनकी मौत हो गई। मृतक के बेटे ने अपने चाचा पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है।
विस्तार
अररिया-पूर्णिया सीमा क्षेत्र में वर्षों से चले आ रहे पारिवारिक जमीन विवाद में एक व्यक्ति की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। हत्या के बाद गांव में सनसनी फैल गई। वहीं, परिजनों में मातम पसरा हुआ है। घटना की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया जीएमसीएच भेज दिया। घटना रानीगंज थाना अंतर्गत लखनवा बौंसीबसेठी स्थित लालपुर नहर के फाटक के समीप घटी है। मृतक की पहचान अररिया जिले के रानीगंज थाना अंतर्गत लखनवा बौंसीबसेठी निवासी नंदू शर्मा के पुत्र रंजीत शर्मा के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, रंजीत शर्मा अपने घर से कुछ ही दूरी पर स्थित खेत में काम निपटाकर पैदल वापस लौट रहे थे। इसी दौरान अररिया जिले के लालपुर नहर के फाटक के समीप पहले से घात लगाए बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और पेट में गोली मारकर मौके से फरार हो गए। गोली लगने के बाद गंभीर रूप से घायल रंजीत शर्मा ने हिम्मत जुटाकर फोन पर अपने बेटे को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुत्र नवनीत शर्मा तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा और खून से लथपथ पिता को लेकर आनन-फानन में इलाज के लिए पूर्णिया जीएमसीएच के लिए रवाना हुआ। हालांकि, घाव गहरा होने के कारण रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
ये भी पढ़ें- बिहार: किस आनंद मोहन, नीरज कुमार का पर्चा रद्द? पटना की स्नातक-शिक्षक MLC सीट पर बचे प्रत्याशियों का गणित क्या
मृतक के पुत्र नवनीत शर्मा ने अपने सगे चाचा बंकर शर्मा पर हत्या की साजिश रचने का संगीन आरोप लगाया है। पुत्र का कहना है कि लंबे समय से चले आ रहे पैतृक जमीन विवाद के कारण ही चाचा के इशारे पर भाड़े के गुंडों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में तनाव एवं दहशत का माहौल व्याप्त है। वहीं, पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया में जुट गई है।