Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Bihar ›   Deobandi Barelvi Dispute Kishanganj Arrabari Nikah solution Bihar News akhtarul iman aimim

बिहार: क्या है निकाह की मजलिस का विवाद? अब सुलझा मसला; सोशल मीडिया से धार्मिक मंचों तक कैसे पहुंचा मामला

Mon, 23 Nov 2026 02:41 PM IST
पूर्णिया ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, किशनगंज
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, किशनगंज Published by: पूर्णिया ब्यूरो Updated Mon, 23 Nov 2026 02:41 PM IST
सार

Bihar News: 13 नवंबर को किशनगंज के अर्राबाड़ी में एक निकाह की मजलिस से शुरू हुआ देवबंदी-बरेलवी विवाद देशभर में चर्चा का विषय बना। मुनाजरे की चुनौती और बयानबाजी के बीच अब जाकर रास्ता निकाला गया है।

विज्ञापन
Deobandi Barelvi Dispute Kishanganj Arrabari Nikah solution Bihar News akhtarul iman aimim
सोमवार को विधायक अख्तरुल ईमान (बाएं) ने 13 नवंबर से चल रहे विवाद पर विराम लगाया। - फोटो : amar ujala digital

विस्तार

बिहार के किशनगंज में एक निकाह की मजलिस से शुरू हुआ देवबंदी-बरेलवी मसलकी विवाद देखते ही देखते सोशल मीडिया से लेकर धार्मिक मंचों तक पहुंच गया। कथित धार्मिक शर्त के कारण निकाह नहीं हो पाने के बाद दोनों पक्षों के बीच बयानबाजी शुरू हुई। मामला मुनाजरे की चुनौती और लिखित जवाब की मांग तक पहुंच गया। इस बीच विवाद को लेकर देशभर में बहस छिड़ गई। हालांकि, अब इस पूरे मामले में नया मोड़ आया है। एआईएमआईएम के बिहार प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने किशनगंज के अंजुमन इस्लामिया में आयोजित बैठक में दोनों मसलकों के बड़े उलेमाओं से बातचीत कर सुलह की पहल की। उनके प्रयास से विवाद पर विराम लगाने की बात सामने आई है। आइए, सवाल-जवाब में समझते हैं पूरा विवाद।

विज्ञापन


सवाल: आखिर निकाह की मजलिस में क्या हुआ था?
जवाब: विवाद की शुरुआत 13 नवंबर को पोठिया प्रखंड के अर्राबाड़ी आमगाछी में हुई। यहाँ एक अंतरमसलकी निकाह की मजलिस आयोजित की गई थी। आरोप है कि निकाह पढ़ाने पहुँचे बरेलवी आलिम मौलाना शफीउर्रहमान ने दुल्हन के सामने देवबंदी मसलक से तौबा करने और चार प्रमुख देवबंदी उलेमाओं को काफिर कहने की शर्त रखी। दुल्हन ने कथित शर्त स्वीकार करने से इनकार कर दिया। इसके बाद निकाह नहीं हो सका।
विज्ञापन


सवाल: देवबंदी और बरेलवी मसलक क्या हैं?
जवाब: देवबंदी और बरेलवी इस्लाम के भीतर दो अलग-अलग धार्मिक विचारधाराएँ हैं। दोनों के बीच कुछ धार्मिक मान्यताओं और उनकी व्याख्याओं को लेकर मतभेद हैं। सीमांचल में दोनों मसलकों के लोग लंबे समय से सामाजिक जीवन में साथ रहते आए हैं। पारिवारिक और वैवाहिक रिश्ते भी रहे हैं। मौजूदा विवाद ने अंतरमसलकी निकाह और धार्मिक सहमति के सवाल को चर्चा में ला दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन


सवाल: निकाह की घटना के बाद विवाद कैसे बढ़ा?
जवाब: घटना से जुड़े वीडियो और प्रतिक्रियाएँ सोशल मीडिया पर प्रसारित होने लगीं। इसके बाद दोनों मसलकों के समर्थकों और धार्मिक विद्वानों की ओर से प्रतिक्रियाएँ सामने आने लगीं। देखते ही देखते स्थानीय मामला धार्मिक और सामाजिक बहस का विषय बन गया। सोशल मीडिया पर बयानबाजी के साथ धार्मिक मंचों पर भी इस मामले को उठाया जाने लगा।

सवाल: मुनाजरे की चुनौती क्यों दी गई?
जवाब: 16 नवंबर को पोठिया की जामा मस्जिद में उलमा कौंसिल इस्लामपुर, उत्तर दिनाजपुर की ओर से बैठक आयोजित की गई। जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बैठक में बरेलवी मसलक के कुछ उलेमाओं ने देवबंदी उलेमाओं को मुनाजरे की चुनौती दी। इसके बाद उलेमा-ए-हक किशनगंज की ओर से चुनौती स्वीकार करने की बात कही गई। साथ ही अंतरमसलकी निकाह की धार्मिक स्थिति पर प्रमाणित बरेलवी दारुल इफ्ता से उलेमा और मुफ्तियों के हस्ताक्षरयुक्त लिखित जवाब 24 नवंबर तक उपलब्ध कराने की माँग की गई।

सवाल: विवाद को शांत कराने के लिए क्या प्रयास हुए?
जवाब: विवाद बढ़ने के बाद सीमांचल के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और उलेमाओं ने दोनों पक्षों से बातचीत के ज़रिए समाधान निकालने की अपील की। किशनगंज शहर के उत्तरपल्ली में आयोजित पत्रकार वार्ता में राजद नेता सह ठाकुरगंज के पूर्व प्रमुख मुश्ताक आलम, डॉ. नूर आलम और ज़िला परिषद सदस्य मौलाना मुफ्ती अतहर जावेद ने दोनों मसलकों के ज़िम्मेदार उलेमाओं से एक मंच पर आकर बातचीत करने का आग्रह किया। वहीं, संयुक्त अपील जारी कर विवादित पोस्ट, वीडियो और आपत्तिजनक टिप्पणियाँ सोशल मीडिया पर साझा नहीं करने की अपील भी की गई।

सवाल: अब अख्तरुल ईमान की पहल से क्या बदला?
जवाब: विवाद को लेकर बढ़ती चर्चा के बीच एआईएमआईएम के बिहार प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने किशनगंज के अंजुमन इस्लामिया में आयोजित बैठक में दोनों मसलकों के बड़े उलेमाओं से बातचीत की। उन्होंने दोनों पक्षों के बीच आपसी समझ और सुलह का रास्ता निकालने की पहल की। इस दौरान धार्मिक मतभेदों को सामाजिक तनाव में नहीं बदलने देने और आपसी भाईचारा बनाए रखने पर ज़ोर दिया गया। उनकी पहल के बाद विवाद पर विराम लगने की बात सामने आई है।

सवाल: क्या अब विवाद पूरी तरह समाप्त हो गया है?
जवाब: अख्तरुल ईमान की पहल के बाद सुलह की दिशा में सकारात्मक कदम उठने की बात सामने आई है। हालांकि, दोनों पक्षों की ओर से विवाद पूरी तरह समाप्त होने, मुनाजरे की चुनौती वापस लेने और पहले जारी लिखित जवाब की माँग पर अंतिम सहमति की आधिकारिक पुष्टि महत्वपूर्ण होगी। ऐसे में अब निगाहें दोनों मसलकों के ज़िम्मेदार उलेमाओं के अगले कदम पर टिकी हैं।


सवाल: इस पूरे विवाद का सीमांचल के सामाजिक माहौल पर क्या असर पड़ा?
जवाब: सीमांचल की पहचान विभिन्न धार्मिक और सामाजिक समुदायों के बीच आपसी भाईचारे और सौहार्द के लिए रही है। ऐसे में एक निकाह की मजलिस से शुरू हुआ विवाद व्यापक बहस का विषय बन गया। सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों का मानना है कि धार्मिक मतभेदों को संवाद के ज़रिए सुलझाना चाहिए। किसी भी तरह की बयानबाजी या सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट से सामाजिक दूरी बढ़ सकती है। फिलहाल अख्तरुल ईमान की मध्यस्थता के बाद सुलह की पहल ने विवाद को शांत करने की उम्मीद जगाई है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed