{"_id":"6846b7a5fcf5a4762b055acd","slug":"a-year-of-empty-rhetoric-santosh-kushwaha-slams-pappu-yadavs-performance-purnea-news-c-1-1-noi1375-3040860-2025-06-09","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar News: पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा ने पप्पू यादव पर साधा निशाना, कहा- झूठा है तेरा वादा; ये सवाल भी उठाए","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar News: पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा ने पप्पू यादव पर साधा निशाना, कहा- झूठा है तेरा वादा; ये सवाल भी उठाए
Mon, 09 Jun 2025 06:28 PM IST
पूर्णिया ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पूर्णिया
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पूर्णिया
Published by: पूर्णिया ब्यूरो
Updated Mon, 09 Jun 2025 06:28 PM IST
सार
Purnia News: पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा ने कहा कि जिस समय जनता सांसद से उनके वादों पर जवाब चाहती है, उस समय वह प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भोजपुरी गानों के अर्थ और अश्लील फिल्मों के दुष्प्रभावों पर चर्चा करते हैं। क्या इसी काम के लिए पूर्णिया की जनता ने उन्हें सांसद बनाया था?
विज्ञापन
प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा तथा अन्य
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव के एक वर्षीय कार्यकाल को लेकर राजनीतिक बयानबाजियों का दौर तेज हो गया है। पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा ने सोमवार को रामबाग स्थित अपने आवास पर प्रेस वार्ता कर पप्पू यादव के कार्यकाल पर तीखा हमला बोला और इसे हवाबाजी, झूठे वादों और अनर्गल बयानबाजी का साल करार दिया। उन्होंने यहां तक कह दिया कि पप्पू यादव के एक साल का लेखा-जोखा ‘झूठा है तेरा वादा, वादा तेरा वादा’ जैसी भावना को प्रतिबिंबित करता है।
विज्ञापन
'भोजपुरी गानों और अश्लील फिल्मों पर चर्चा कर बताना चाहते हैं उपलब्धियां?'
संतोष कुशवाहा ने कहा कि जिस समय जनता सांसद से उनके वादों पर जवाब चाहती है, उस समय वह प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भोजपुरी गानों के अर्थ और अश्लील फिल्मों के दुष्प्रभावों पर चर्चा करते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या इसी काम के लिए पूर्णिया की जनता ने उन्हें सांसद बनाया था? कुशवाहा ने कहा कि यह रवैया पूर्णिया की जनता के साथ एक मजाक है।
विज्ञापन
‘सपनों के सौदागर साबित हुए पप्पू यादव, वादों का कोई अता-पता नहीं’
पूर्व सांसद ने पप्पू यादव द्वारा चुनाव के समय किए गए वादों को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने पूछा कि चार महीने में हवाई सेवा शुरू करने का वादा क्या पूरा हुआ? 10 हजार परिवारों को रोजगार देने की बात की थी, उसमें से एक वर्ष में क्या दो हजार लोगों को भी रोजगार मिला? उन्होंने आरोप लगाया कि सांसद का ‘न्याय का मंदिर’ वास्तव में अन्याय का प्रतीक बन गया है।
विज्ञापन
यह भी पढ़ें- Bihar Election: चिराग के अकेले चुनाव लड़ने के एलान पर BJP ने किया किनारा, JDU अध्यक्ष बोले- मुझे नहीं मालूम
शंकर यादव मामले पर भी उठाए सवाल
कुशवाहा ने आरोप लगाया कि पप्पू यादव के ‘न्याय मंदिर’ में न्याय नहीं, अन्याय हो रहा है। उन्होंने हाल ही में हुए एक घटनाक्रम का उल्लेख कर कहा कि शंकर यादव को जबरन जमीन से बेदखल किया गया और उनकी गर्भवती पत्नी को धक्के मारकर निकाला गया। उन्होंने इसे सांसद के ‘न्याय प्रेम’ का असली चेहरा बताया।
बयानबाजी पर दी नसीहत
संतोष कुशवाहा ने पप्पू यादव के उस बयान पर भी कड़ी आपत्ति जताई, जिसमें उन्होंने कहा था कि नाग पर भरोसा किया जा सकता है, लेकिन नेता पर नहीं। कुशवाहा ने पलटवार करते हुए पूछा कि आपने खुद सात बार सांसद और एक बार विधायक रहते हुए कितनों को डंसा है? उन्होंने सांसद को नसीहत दी कि वे बयानबाजी से परहेज करें और पूर्णिया का नाम बदनाम न करें।
आईएएस पर टिप्पणी पर भी जताई आपत्ति
पूर्व सांसद ने हाल में पप्पू यादव द्वारा जनतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव मनीष वर्मा पर की गई अमर्यादित टिप्पणी पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि मनीष वर्मा जैसे शिक्षित और योग्य व्यक्ति जो आईआईटी से पढ़े हैं और आईएएस बने, उनके खिलाफ इस तरह की बात करना न सिर्फ दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि यह खुद की पृष्ठभूमि पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि आप उस समय तिहाड़ में पीएचडी कर रहे थे जब वर्मा प्रशासनिक सेवा में चयनित हो रहे थे।
यह भी पढ़ें- Bihar News: तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े लोगों को रौंदते हुए गड्ढे में पलटी, एक की मौत; तीन लोग घायल
उदय सिंह को बधाई, लेकिन सवाल भी उठाया
पूर्व सांसद ने जनसुराज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर पूर्व सांसद उदय सिंह को बधाई दी। लेकिन उनके और पप्पू यादव के बीच कथित 'युद्धविराम' पर सवाल भी उठाया। उन्होंने पूछा कि क्या चुनाव के समय कोई समझौता हुआ था, जिससे जनता को महाजंगलराज की ओर फिर धकेला गया? उन्होंने मांग की कि अगर कोई 'मैसेज' था तो उसे सार्वजनिक किया जाना चाहिए।
प्रेस वार्ता के दौरान जेडीयू जिलाध्यक्ष प्रकाश कुमार सिंह, प्रवक्ता उपेंद्र सिंह, युवा जिलाध्यक्ष राजू मंडल, राजेश राय, राजेश गोस्वामी और अविनाश कुमार सहित कई अन्य नेता मौजूद थे। सभी ने मिलकर सांसद पप्पू यादव के खिलाफ एक सुर में सवाल उठाए और उनके एक साल के कार्यकाल को ‘विफलताओं की फेहरिस्त’ बताया।