Bihar: ऊंचे नाले ने रोकी जलनिकासी, गांव में जलभराव से ग्रामीण परेशान; लोगों में भारी आक्रोश कब होगा समाधान?
बाढ़ अनुमंडल के बेलछी प्रखंड के अंदौली गांव में स्टेट हाईवे निर्माण के दौरान बने ऊंचे नाले के कारण ग्रामीण सड़क पर गंदा पानी जमा है। जलनिकासी बाधित होने से बरसात में दर्जनों घर प्रभावित हो रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है।
विस्तार
बाढ़ अनुमंडल के बेलछी प्रखंड अंतर्गत अंदौली गांव में ग्रामीण सड़क पर नाले का गंदा पानी जमा रहने से लोगों में भारी आक्रोश है। गांव से सटे नदी किनारे हाल ही में नई स्टेट हाईवे का निर्माण किया गया है, जिसमें पूरे गांव के दायरे में नाले का निर्माण कराया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह नाला ग्रामीण सड़क से करीब तीन फीट और स्टेट हाईवे से एक फीट ऊंचा बना दिया गया है।
ऊंचाई अधिक होने के कारण ग्रामीण सड़क का पानी नाले में नहीं जा पाता, जिससे साल भर सड़क पर पानी जमा रहता है। बरसात के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है और करीब 25 से 30 घरों में पानी घुस जाता है। ग्रामीण सड़क के किनारे बना नाला लगभग तीन फीट गहरा है, जिसमें छोटे-छोटे बच्चों के गिरने की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि नाले का निर्माण अब तक अधूरा है, जिससे खतरा और बढ़ गया है।
हादसे का खतरा बना रहता है
ग्रामीण कमलेश कुमार ने बताया कि सड़क किनारे बने नाले के नीचे से गांव का पुराना नाला गुजरता है, लेकिन सड़क का नाला ऊंचा बना दिए जाने के कारण गांव का पानी बाहर नहीं निकल पा रहा है। उन्होंने नाला नीचे से बनाने की मांग की थी, लेकिन ठेकेदार और इंजीनियर ने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि सड़क को बचाने की जिम्मेदारी वे लेंगे, गांव के पानी की निकासी उनकी समस्या नहीं है। स्थानीय मुखिया ने भी इस मामले में असहायता जताई है। इसी रास्ते से रोजाना मोटरसाइकिल का आवागमन होता है, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है।
ये भी पढ़ें- Degree College : बिहार में कहां-कहां खुलेंगे डिग्री कॉलेज, देख लें अपने इलाके की सूची; इसी साल से पढ़ाई होगी
वहीं ग्रामीण रोहित कुमार ने बताया कि स्टेट हाईवे निर्माण में ठेकेदार की मनमानी के कारण नाले का गलत ढंग से निर्माण किया गया है। इससे डेढ़ से दो सौ घर प्रभावित हो रहे हैं। पहले गांव का गंदा पानी सीधे नदी में चला जाता था, लेकिन स्टेट हाईवे बनने के बाद पानी की निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है। उन्होंने मांग की कि गांव और घरों से पानी निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए।
मामले को लेकर जब एसडीओ गरिमा लोहिया से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने फोन नहीं उठाया। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर समस्या के समाधान की मांग की है।

बेलछी

बेलछी

बेलछी