बिहार न्यूज: खड़े ट्रक से टकराई कार, तीन साल के मासूम की मौत; पांच लोग घायल
नवादा के रजौली थाना क्षेत्र में एनएच-20 पर खड़े ट्रक से कार टकरा गई। हादसे में तीन साल के अयांश शर्मा की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। सभी कार सवार पश्चिम बंगाल से पटना जा रहे थे।
विस्तार
बिहार के नवादा जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-20 पर शुक्रवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। रजौली थाना क्षेत्र में स्वास्तिक होटल के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक में एक तेज रफ्तार कार पीछे से टकरा गई। हादसे में तीन साल के मासूम अयांश शर्मा की मौत हो गई, जबकि कार में सवार पांच लोग घायल हो गए। सभी लोग पश्चिम बंगाल से पटना जा रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्विफ्ट डिजायर कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
पश्चिम बंगाल से पटना जा रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी लोग पश्चिम बंगाल से पटना जा रहे थे। इसी दौरान शुक्रवार सुबह रजौली थाना क्षेत्र में स्वास्तिक होटल के पास कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। मृत बच्चे की पहचान अयांश शर्मा (3) के रूप में हुई है। उसके पिता का नाम रामप्रवेश पांडेय बताया गया है।
ट्रक खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था
ट्रक चालक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि वह माल लेकर नेपाल जा रहा था। गुरुवार को ही उसका ट्रक खराब हो गया था, जिसके बाद उसने वाहन को मुख्य सड़क से हटाकर किनारे खड़ा कर दिया था। चालक के मुताबिक, कार चालक को नींद आ जाने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गया।
अस्पताल में डॉक्टर ने मासूम को मृत घोषित किया
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर एनएचएआई की एंबुलेंस और डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल रजौली ले जाया गया। वहां डॉक्टर गजेंद्र ने तीन वर्षीय अयांश को मृत घोषित कर दिया।
दुर्घटना में करण शर्मा, उनकी पत्नी 55 वर्षीय फूलवती देवी, 37 वर्षीय अनिता कुमारी, 17 वर्षीय प्रीति शर्मा और 30 वर्षीय अंजली शर्मा घायल हो गईं। प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों को बेहतर इलाज के लिए नवादा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि तीन लोगों का इलाज रजौली अनुमंडलीय अस्पताल में जारी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
