बिहार: ऋतिक सिंह हत्याकांड का मुख्य आरोपी कोहिनूर ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार, इस वजह से हुई थी हत्या; खुलासा
भोजपुर पुलिस और एसटीएफ ने ऋतिक सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी अमृतांशु ओझा उर्फ कोहिनूर को ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार किया है। सोशल मीडिया पर दबदबा बनाने की सनक में दो दोस्तों की पुरानी दोस्ती दुश्मनी में बदल गई थी।
विस्तार
भोजपुर पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने हवलदार के बेटे ऋतिक सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी अमृतांशु ओझा उर्फ कोहिनूर को उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित अल्फा-1 क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। इंस्टाग्राम और फेसबुक पर दबदबा कायम करने तथा दिखावे की सनक में दो दोस्तों के बीच दुश्मनी पनपी, जिसका अंजाम ऋतिक की हत्या के रूप में सामने आया। गिरफ्तार आरोपी उदवंतनगर थाना क्षेत्र के एडौरा गांव का निवासी है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और घटना में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के साथ अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
पुरानी दोस्ती का आपराधिक रंजिश में बदलना
पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने बताया कि मृतक ऋतिक और गिरफ्तार आरोपी अमृतांशु वर्ष 2020-21 तक बेहद घनिष्ठ मित्र थे। दोनों ने वर्ष 2021 में मिलकर एक हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। हालांकि, उस मामले में जेल जाने के बाद उनके रिश्तों में खटास आ गई और दोनों अलग-अलग गुटों में बंट गए। आपराधिक रिकॉर्ड के अनुसार ऋतिक के खिलाफ वर्ष 2021 में हत्या और वर्ष 2024 में मौलाबाग में हुई गोलीबारी के दो मामले दर्ज हैं। वहीं आरोपी अमृतांशु के विरुद्ध अब तक तीन आपराधिक मामले सामने आए हैं।
हत्या से तीन-चार दिन पहले बामपाली और बिहिया के समीप दोनों पक्षों के बीच हिंसक मारपीट हुई थी। उस समय पुलिस में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई थी और पंचायत के माध्यम से समझौता कराने का प्रयास हुआ था, लेकिन तनाव कम नहीं हुआ। घटना वाले दिन बनारस में रह रहा अमृतांशु भोजपुर आया था और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान हुई गोलीबारी में ऋतिक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी युवराज गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले की गहन जांच के लिए सदर-1 पुलिस उपाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया है।
सोशल मीडिया पर ऑरा फार्मिंग और आपराधिक गैंग
युवाओं के बीच तेजी से फैल रही ऑरा फार्मिंग की प्रवृत्ति पर पुलिस अधीक्षक ने गंभीर चिंता जताई। उन्होंने बताया कि 20 से 25 वर्ष के भटके हुए युवक सोशल मीडिया पर अपनी दबंग छवि बनाने के लिए आपराधिक गानों के साथ रील्स बनाते हैं। वे स्थानीय कलाकारों से रंगदारी और हत्या से संबंधित गीत बनवाकर एनएच पर गाड़ियों के काफिले के साथ वीडियो पोस्ट करते हैं। जिले में आरसी कंपनी, जीएम ब्रांड, धुर ब्रांड, प्रिंस बाबा गैंग और एचआर कंपनी जैसे कई नाम सामने आ रहे हैं, जिनके जरिये दबदबा दिखाने की कोशिश की जा रही है।
जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि पुराने अपराधी 20 से 25 वर्ष के युवाओं को थोड़े से पैसे और हथियार देकर अपना मोहरा बनाते हैं। कई मामलों में देखा गया है कि युवाओं के पिता पुलिस, सेना या अर्धसैनिक बलों में कार्यरत होने के कारण घर से बाहर रहते हैं, जिससे बच्चों पर पारिवारिक निगरानी नहीं रह पाती है।
