{"_id":"679c8c73631bf39f0304ffe8","slug":"nalanda-news-acs-s-siddharth-s-surprise-inspection-exposed-reality-of-education-system-2025-01-31","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar: कहीं स्कूल में ताला... तो बाहर घूमती मिली छात्राएं, ACS के औचक निरीक्षण से खुली शिक्षा व्यवस्था की पोल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar: कहीं स्कूल में ताला... तो बाहर घूमती मिली छात्राएं, ACS के औचक निरीक्षण से खुली शिक्षा व्यवस्था की पोल
Fri, 31 Jan 2025 02:10 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नालंदा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नालंदा
Published by: हिमांशु प्रियदर्शी
Updated Fri, 31 Jan 2025 02:10 PM IST
सार
Nalanda News: नालंदा जिले में शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव एस सिद्धार्थ ने कई स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान शिक्षा व्यवस्था की पोल खुल गई। इस दौरान उन्होंने स्कूलों की कक्षाओं की स्थिति जांची और एमडीएम का भी जायजा लिया।
विज्ञापन
एसीएस के निरीक्षण के दौरान स्कूल में लगा मिला ताला
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बिहार के शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव एस सिद्धार्थ ने शुक्रवार को नालंदा जिले के कई स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई चौंकाने वाली स्थितियां सामने आईं, जिससे जिले की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। निरीक्षण के दौरान छात्रों की उपस्थिति, विद्यालय संचालन और मध्याह्न भोजन योजना की भी बारीकी से जांच की गई।
विज्ञापन
बाहर घूमती मिली छात्राएं
निरीक्षण के दौरान नूरसराय प्रखंड के गोविंदपुर बेलदारी गांव में अपर मुख्य सचिव को स्कूल के समय में दो छात्राएं बाहर घूमती मिलीं। उन्होंने तुरंत उनके स्कूल बैग की जांच की और स्कूल न जाने का कारण पूछा। इस पर छात्राओं ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। इसके बाद सचिव ने एक स्थानीय महिला को छात्राओं को स्कूल पहुंचाने का निर्देश दिया, जिससे बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जा सके।
विज्ञापन
लालबाग के विद्यालय में ताला बंद मिला मुख्य द्वार
निरीक्षण के अगले चरण में बिहारशरीफ प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, लालबाग पहुंचे अपर मुख्य सचिव को एक और गंभीर लापरवाही का सामना करना पड़ा। स्कूल का मुख्य द्वार ताला बंद मिला, जिससे वहां की अव्यवस्था उजागर हुई। स्कूल की शिक्षिका की मदद से गेट खुलवाया गया, जिसके बाद निरीक्षण किया गया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक संतोष कुमार के अनुसार, स्कूल में कुल 146 विद्यार्थी उपस्थित थे। विद्यालय में 10 शिक्षकों की तैनाती है, जिनमें से दो शिक्षक इंटरमीडिएट परीक्षा में वीक्षक की ड्यूटी पर गए हुए थे।
विज्ञापन
मध्याह्न भोजन की जांच और कक्षाओं का गहन निरीक्षण
अपर मुख्य सचिव ने दोनों विद्यालयों में कक्षाओं की स्थिति का जायजा लिया और शिक्षकों से छात्रों की पढ़ाई को लेकर सवाल किए। उन्होंने मध्याह्न भोजन योजना (मिड-डे मील) की गुणवत्ता की भी जांच की। निरीक्षण के दौरान खाने की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया गया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि छात्रों को पौष्टिक और उचित मात्रा में भोजन मिल रहा है।
निरीक्षण से मचा हड़कंप
अपर मुख्य सचिव के इस औचक निरीक्षण से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। जिले के विभिन्न स्कूलों की असल स्थिति सामने आने के बाद अब व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी और सुदृढ़ बनाने के लिए इस तरह के निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।