बिहार: दो बच्चों की परवरिश का जिम्मा उठाने वाले पिता की डूबने से मौत, परिवार में मचा कोहराम
बिहार के बक्सर में पोखर में नहाने गए 45 वर्षीय मजदूर की डूबने से मौत हो गई। हादसा इटाढ़ी थाना क्षेत्र के परासी गांव में हुआ। मृतक अपने परिवार का एकमात्र सहारा था। उसके दो छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया।
विस्तार
बक्सर में सोमवार दोपहर इटाढ़ी थाना क्षेत्र की उनवांस पंचायत के परासी गांव स्थित पोखर में डूबने से एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान परासी गांव निवासी बरसाती सिंह के 45 वर्षीय पुत्र लाल बाबू सिंह के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के दो छोटे बच्चे हैं। पिता की मौत से बच्चों के सिर से हमेशा के लिए साया उठ गया।
मिली जानकारी के अनुसार, लाल बाबू सिंह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। सोमवार दोपहर वह गांव स्थित पोखर में नहाने गए थे। इसी दौरान पोखर में उतरते समय अचानक उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चले गए। पानी अधिक गहरा होने के कारण वह खुद को संभाल नहीं सके और डूबने से उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर इटाढ़ी थाने के अपर थानाध्यक्ष दीपक कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ये भी पढ़ें- बिहार: दीपावली की रौनक के बाद अब छठी मइया के गीतों की गूंज, जानें गोवर्धन और चित्रगुप्त पूजा की तारीख
मजदूरी कर परिवार का सहारा बने लाल बाबू सिंह की अचानक मौत से गांव में भी शोक का माहौल है। वहीं, परिवार के सामने अब भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है।