{"_id":"6886084412ab4f99d9025211","slug":"kaimur-precious-ornaments-stolen-from-idol-in-ancient-durga-temple-baba-parmarth-giri-temple-2025-07-27","type":"story","status":"publish","title_hn":"Crime: प्राचीन दुर्गा मंदिर में प्रतिमा से कीमती आभूषण चोरी; बाबा परमार्थ गिरी मंदिर की दान पेटी भी तोड़ी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Crime: प्राचीन दुर्गा मंदिर में प्रतिमा से कीमती आभूषण चोरी; बाबा परमार्थ गिरी मंदिर की दान पेटी भी तोड़ी
Sun, 27 Jul 2025 04:36 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना
Published by: हिमांशु प्रियदर्शी
Updated Sun, 27 Jul 2025 04:36 PM IST
सार
Kaimur Crime: पुलिस ने बताया कि चोरी की सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मंदिर के पुजारी की ओर से थाने में आवेदन देने की बात कही गई है। जैसे ही आवेदन प्राप्त होगा, अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू की जाएगी।
विज्ञापन
सावन के महीने में दो मंदिरों में चोरी
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
सावन जैसे पवित्र महीने में जब श्रद्धालु मां दुर्गा की आराधना में लीन रहते हैं, उस दौरान कैमूर जिले के दुर्गावती स्टेशन रोड स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर में चोरी की घटना ने आस्था को झकझोर कर रख दिया। शनिवार देर रात अज्ञात चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर मां दुर्गा की प्रतिमा से सोने के आंख, नथिया, मंटीका और चांदी के छागल सहित मंदिर में रखी साउंड मशीन चोरी कर ली।
विज्ञापन
सुबह पूजा को पहुंचे श्रद्धालु, टूटा ताला देख दंग रह गए
रविवार की सुबह जब स्थानीय श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो देखा कि मंदिर का मुख्य द्वार खुला पड़ा है और ताले टूटे हुए हैं। भीतर जाकर देखा तो मां दुर्गा की प्रतिमा से कीमती आभूषण गायब थे। इस घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। लोगों ने तुरंत इस बात की सूचना मंदिर के पुजारी अनमोल बाबा को दी।
विज्ञापन
यह भी पढ़ें- Bihar News: डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को जान से मारने की धमकी, अपराधी ने कहा- 24 घंटे में गोली मार दूंगा
विज्ञापन
पुजारी ने दी जानकारी, पुलिस ने शुरू की जांच
पुजारी अनमोल बाबा ने बताया कि सुबह स्थानीय लोग उनके घर पहुंचे और चोरी की सूचना दी। वे जब मंदिर पहुंचे, तो पाया कि ताला टूटा हुआ था और प्रतिमा से सोने-चांदी के आभूषण गायब थे। साथ ही मंदिर में रखी अहूजा कंपनी की साउंड मशीन भी चोरी कर ली गई थी। पुजारी ने तत्काल दुर्गावती थाने को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी।
सिर्फ एक मंदिर नहीं, पास के दूसरे मंदिर को भी बनाया निशाना
चोरों ने सिर्फ मां दुर्गा मंदिर तक ही अपनी हरकत नहीं सीमित रखी। मंदिर से महज 100 मीटर दूर स्थित बाबा परमार्थ गिरी मंदिर की दान पेटी का ताला भी चोरों ने तोड़ दिया और उसमें रखे पैसे चोरी कर लिए। इस संबंध में दुर्गावती थाने के सब इंस्पेक्टर विक्रमा सिंह ने बताया कि चोरी की सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मंदिर के पुजारी की ओर से थाने में आवेदन देने की बात कही गई है। जैसे ही आवेदन प्राप्त होगा, अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू की जाएगी।
यह भी पढ़ें- Bihar News: टेटगामा नरसंहार मामले में एक आरोपी गिरफ्तार, पुलिस दबाव में दो मुख्य आरोपियों ने किया आत्मसमर्पण
स्थानीय लोग नाराज, सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
घटना के बाद स्थानीय श्रद्धालुओं में गहरा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि ऐसे धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए कोई पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। सावन के पावन माह में भी मंदिर सुरक्षित नहीं हैं, यह बेहद चिंताजनक है।