Republic Day 2021: गणतंत्र दिवस परेड में राफेल उड़ाएगी दरभंगा की बेटी भावना कंठ, दादी ने यूं दीं दुआएं
दिल्ली में गणतंत्र दिवस की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं, क्योंकि इस बार 26 जनवरी के दिन इतिहास रचा जाएगा। दरअसल, बिहार के दरभंगा की बेटी भावना कंठ इस बार गणतंत्र दिवस की परेड में देश के सबसे तेज लड़ाकू विमान राफेल में उड़ान भरेगी। बता दें कि गणतंत्र दिवस परेड में पहली बार महिला फाइटर पायलट को शामिल किया गया है और यह उपलब्धि भावना के नाम पर दर्ज हो रही है। जैसे ही यह खबर दरभंगा पहुंची तो भावना की दादी की आंखों से आंसू छलक आए। उन्होंने कहा कि भावना खूब आगे बढ़े। देश के साथ-साथ मिथिला का नाम भी रोशन करे।
घरवालों ने बांटी मिठाई
बता दें कि भावना कंठ दरभंगा के घनश्यामपुर से ताल्लुक रखती हैं, लेकिन अब गांव में परिवार का कोई शख्स नहीं रहता। दरअसल, भावना के परिजन अब दरभंगा में रहते हैं। जब भावना की दादी और चाची को 26 जनवरी की परेड में उनकी बेटी के शामिल होने की जानकारी मिली तो खुशी से उनकी आंखें छलछला गईं। इस दौरान उन्होंने पूरे मुहल्ले में मिठाई भी बांटी।