{"_id":"6a2c3b7ec501e9daf10a2b10","slug":"bihar-police-injured-in-police-incounter-in-masaudhi-patna-bihar-news-patna-news-c-1-1-noi1480-4388711-2026-06-12","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar News: बिहार पुलिस पर हमला; पटना में बदमाशों की अंधाधुंध फायरिंग से दो पुलिसकर्मी घायल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar News: बिहार पुलिस पर हमला; पटना में बदमाशों की अंधाधुंध फायरिंग से दो पुलिसकर्मी घायल
Fri, 12 Jun 2026 10:45 PM IST
पटना ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना
Published by: पटना ब्यूरो
Updated Fri, 12 Jun 2026 10:45 PM IST
सार
Patna: पटना के मसौढ़ी में शुक्रवार शाम स्मैक तस्करों और अपराधियों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में मसौढ़ी थाना के अपर थानाध्यक्ष राहुल कुमार और सब-इंस्पेक्टर संजय कुमार घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद पटना एम्स रेफर किया गया है।
विज्ञापन
दो पुलिसकर्मी घायल
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
पटना से सटे मसौढ़ी थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम अपराधियों ने दुस्साहस का बड़ा परिचय दिया। गुप्त सूचना के आधार पर स्मैक तस्करों और अपराधियों को दबोचने गई पुलिस टीम पर बदमाशों ने अचानक अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस अचानक हुए हमले में मसौढ़ी थाना के अपर थानाध्यक्ष (एडिशनल एसएचओ) राहुल कुमार और सब-इंस्पेक्टर संजय कुमार गोली लगने से घायल हो गए। दोनों घायल पुलिस अधिकारियों को स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए तत्काल पटना एम्स (AIIMS) रेफर किया गया है।
विज्ञापन
गुप्त सूचना के आधार पर पहुंची थी पुलिस टीम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मसौढ़ी थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मनी चक तालाब के पश्चिमी इलाके में भारी मात्रा में स्मैक तस्कर और कुछ कुख्यात अपराधी किसी बड़ी अवैध गतिविधि या डील को अंजाम देने के लिए जुटे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और मामले के सत्यापन के बाद मसौढ़ी थाना की एक विशेष टीम मौके पर छापेमारी करने पहुंची।
विज्ञापन
घेराबंदी होते ही अपराधियों ने खोल दिया मोर्चा
पुलिस टीम जैसे ही तस्करों के ठिकाने पर पहुंची, वहां मौजूद अपराधियों में हड़कंप मच गया और वे भागने का प्रयास करने लगे। मुस्तैद पुलिस टीम ने जब चारों तरफ से घेराबंदी कर उन्हें सरेंडर करने को कहा, तो अपराधियों ने खुद को घिरता देख सीधे पुलिस टीम पर ही ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।
विज्ञापन
गोली लगते ही मचा हड़कंप, दो पुलिस अधिकारी घायल
अचानक हुई इस भारी गोलीबारी से पूरे मनी चक तालाब इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। इसी दौरान अपराधियों की ओर से चलाई गई एक गोली सीधे अपर थानाध्यक्ष राहुल कुमार के पैर में जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। वहीं, एक अन्य गोली सब-इंस्पेक्टर संजय कुमार के हाथ को छूते हुए निकल गई, जिससे वे भी घायल हो गए।
इलाके में भारी पुलिस बल तैनात, सर्च ऑपरेशन जारी
घटना के तुरंत बाद पुलिस टीम ने सूझबूझ दिखाते हुए दोनों घायल अधिकारियों को सुरक्षित मौके से निकाला और अस्पताल पहुंचाया। वारदात की खबर मिलते ही पटना पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
ये भी पढ़ें: पटना मेट्रो निर्माण के दौरान नहीं लगेगा जाम, ट्रैफिक एसपी ने तैयार किया फुलप्रूफ रूट डायवर्जन प्लान
कई थानों की पुलिस जुटी
मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मसौढ़ी, धनरूआ और पुनपुन समेत आसपास के कई थानों की पुलिस को मौके पर बुला लिया गया है। पूरे इलाके को चारों तरफ से सील कर दिया गया है। अपराधियों की धरपकड़ के लिए एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है और संदिग्ध ठिकानों पर सघन तलाशी अभियान (कॉम्बिंग ऑपरेशन) चलाया जा रहा है।