बिहार: जमुई में नाबालिग छात्र-छात्रा से अभद्रता के मामला, कांग्रेस की टीम पहुंची; पॉक्सो में कार्रवाई की मांग
जमुई में नाबालिग छात्र-छात्रा से कथित अभद्रता और वीडियो वायरल मामले में कांग्रेस की उच्चस्तरीय टीम ने प्रशासन से मुलाकात की। टीम ने पीड़ितों की सुरक्षा, आरोपितों पर पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई, जल्द चार्जशीट और फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग की।
विस्तार
जमुई में नाबालिग छात्र-छात्रा के साथ कथित अभद्रता और वीडियो वायरल होने के मामले में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने गंभीर चिंता जताई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम के निर्देश पर गठित उच्चस्तरीय कमेटी बुधवार को जमुई पहुंची। टीम ने जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर मामले में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। साथ ही दोनों नाबालिगों और उनके परिवारों की सुरक्षा तथा हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग रखी।
बुधवार दोपहर जिला कांग्रेस भवन में कमेटी की ओर से प्रेस वार्ता भी आयोजित की गई। इसमें कमेटी के सदस्य मिन्नत रहमानी ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि नाबालिगों से जुड़ा मामला बेहद संवेदनशील है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपितों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस टीम ने आरोपितों के खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाकर दोष सिद्ध होने पर सख्त सजा दिलाने की मांग की।
पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग
मिन्नत रहमानी ने कहा कि पीड़ितों और उनके परिवारों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत है। कांग्रेस टीम ने कोचिंग क्षेत्रों, पहाड़ी इलाकों और सुनसान स्थानों पर विशेष निगरानी बढ़ाने की मांग की।
कांग्रेस की उच्चस्तरीय टीम ने इस संबंध में जमुई के पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में दोनों बच्चों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने, आरोपितों के खिलाफ बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में जल्द चार्जशीट दाखिल करने तथा मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग की गई है।
पढ़ें: गंगा में उतरे थे करमा पूजा की मूर्ति विसर्जित करने, 11 लोग डूबे; चार को बचाया, छह लापता और एक की मौत
इसके अलावा कोचिंग क्षेत्रों और पहाड़ी इलाकों में महिला पुलिस की गश्त बढ़ाने और सीसीटीवी निगरानी मजबूत करने की मांग भी की गई। टीम ने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्त से ऐसी घटनाओं की रोकथाम में मदद मिल सकती है।
प्रेस वार्ता में कमेटी के सदस्यों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की अपील की। मौके पर पंकज यादव, प्रो. डॉ. कुमारी अनिता, डॉ. गौरव सिंह, जितेंद्र नाथ पटेल, पूनम यादव, सूरज यादव और मेनका कुमारी समेत टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे। सिकंदरा के पूर्व विधायक बंटी चौधरी, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष दिवाकर सिंह, वरिष्ठ नेता पुष्पराज और प्रखंड अध्यक्ष रामाश्रय सिंह समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।