Bihar Election 2025: ‘चारा खाने वाले क्या समझेंगे मखाना का स्वाद’, भाजपा नेता का तेजस्वी यादव पर तीखा हमला
Bihar Election 2025: तेजस्वी यादव द्वारा प्रधानमंत्री मोदी की उम्र को लेकर दिए गए बयान पर पलटवार कर भाजपा नेता ऋतुराज सिन्हा ने कहा कि यही बिहार की जनता थी, जिसने सिर्फ 45 साल की उम्र में लालू यादव को मुख्यमंत्री बनाया था। लेकिन उन्होंने किया क्या?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा ने तेजस्वी यादव द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर दिए गए बयान पर जोरदार पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं और दिल्ली में भाजपा की प्रचंड जीत हुई है, तेजस्वी यादव इस कदर घबराए हुए हैं कि उन्हें समझ ही नहीं आ रहा कि उन्हें क्या बोलना है और किस पर बोलना है। उन्होंने तेजस्वी यादव के बयान को ‘छोटे मुंह बड़ी बात’ करार देते हुए कहा कि यह उनकी हड़बड़ाहट और घबराहट को दर्शाता है।
‘मौका मिला तो बस घोटाले किए’
ऋतुराज सिन्हा ने तेजस्वी यादव और उनके पूरे परिवार पर करारा हमला किया। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने उन्हें और उनके परिवार को राज्य चलाने का मौका दिया था, लेकिन वे सिर्फ मिट्टी, चारा खाने और अलकतरा पीने में व्यस्त रहे। उन्होंने लालू परिवार की कथित भ्रष्टाचार से जुड़ी गतिविधियों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जैसे कोई बच्चा छिपकर चूरा-चूरा कर मिट्टी खाता है, वैसे ही आपने बिहार के लोगों का खजाना चुरा-चुरा कर खाया और पिया। अब जिसे जनता ने मौका दिया है, वह बिहार को विकास के रास्ते पर ले जा रहा है, तो आपके पेट में दर्द क्यों हो रहा है? भाजपा नेता ने कहा कि अब बिहार आगे बढ़ रहा है, विकास की राह पर चल रहा है और यही बात तेजस्वी यादव को हजम नहीं हो रही।
‘45 साल की उम्र में लालू यादव ने क्या किया’
तेजस्वी यादव द्वारा प्रधानमंत्री मोदी की उम्र को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए ऋतुराज सिन्हा ने कहा कि उम्र नहीं, बल्कि काम मायने रखता है। उन्होंने कहा कि अब आप उम्र का हवाला दे रहे हैं। लेकिन यही बिहार की जनता थी, जिसने सिर्फ 45 साल की उम्र में लालू यादव को मुख्यमंत्री बनाया था। लेकिन उन्होंने किया क्या? सिर्फ भ्रष्टाचार, अत्याचार और घोटाले। उन्होंने दावा कर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी मेहनत और दूरदर्शिता से भारत को विश्व मंच पर सम्मान दिलाया है और उनके काम की गूंज आज पूरी दुनिया में है।
‘मोदी जी पर किसी के कहने से कोई फर्क नहीं पड़ता’
ऋतुराज सिन्हा ने कहा कि तेजस्वी यादव के कुछ भी कहने या न कहने से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि हमारे लोकप्रिय प्रधानमंत्री ने विश्व पटल पर भारत की शक्ति और ऐश्वर्य को दिखाया है। आज हर भारतीय का सीना 56 इंच चौड़ा है और यह सिर्फ नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संभव हुआ है।
‘बिहार की जनता अब बहकावे में नहीं आएगी’
ऋतुराज सिन्हा ने कहा कि बिहार की जनता अब सच और झूठ में फर्क करना सीख चुकी है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव जितनी भी बयानबाजी कर लें, लेकिन अब जनता उनके बहकावे में नहीं आने वाली। बिहार में विकास की राजनीति हो रही है, न कि भ्रष्टाचार और वंशवाद की।
भाजपा नेता ने कहा कि बिहार में परिवर्तन की लहर चल रही है और अब घबराने की बारी उनकी है, जो दशकों तक झूठ, जातिवाद और घोटालों की राजनीति कर जनता को छलते रहे। उन्होंने कहा कि भाजपा बिहार में विकास की राजनीति को आगे बढ़ा रही है और जनता इस बार भी उसे ही समर्थन देगी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.