Bihar News: सात जिलों में बनेंगे 50 बेड वाले आयुष अस्पताल, स्वास्थ्य मंत्री ने किया बड़ी योजनाओं का एलान
Patna News: स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच के चलते आज आयुष मंत्रालय निरंतर बेहतरीन कार्य कर रहा है। साथ ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कुशल नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग निरंतर प्रगति कर रहा है। पढ़ें पूरी खबर...।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राज्य आयुष समिति (स्वास्थ्य विभाग) के तत्वावधान में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 'आयुष्मान आरोग्य मंदिर' के आयुष चिकित्सा पदाधिकारियों के लिए चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। यह प्रशिक्षण सत्र 28 अप्रैल 2025 से एक मई 2025 तक चलेगा।
स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच के चलते आज आयुष मंत्रालय निरंतर बेहतरीन कार्य कर रहा है। साथ ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कुशल नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने बताया कि 'आयुष्मान आरोग्य मंदिर' के माध्यम से आयुष चिकित्सा पद्धति को ग्रामीण और शहरी दोनों इलाकों में मजबूती से स्थापित किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- Pahalgam Attack: मंत्री जमा खान बोले- जो गलत है उस पर हो कार्रवाई, गलत करने वालों का नहीं होता कोई जाति-धर्म
राज्य में 50 बेड वाले आयुष अस्पतालों का होगा निर्माण
स्वास्थ्य मंत्री ने जानकारी दी कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में गोपालगंज, सिवान, मधुबनी, दरभंगा, बेगूसराय, गया और मोतिहारी जिलों में 50 बेड वाले एकीकृत आयुष अस्पतालों के निर्माण की योजना क्रियान्वित की जा रही है। इसके साथ ही राज्य के सभी 38 जिलों में संचालित जिला संयुक्त औषधालयों में भी सेवाएं और सुविधाएं सुदृढ़ की जा रही हैं। राजकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय दरभंगा, बेगूसराय और आरबीटीएस होम्योपैथिक कॉलेज अस्पताल के निर्माण के लिए 834 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। जिलों में बन रहे मॉडल अस्पतालों में भी 10 बेड वाले आयुष अस्पतालों की व्यवस्था की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग में 20 हजार से अधिक नए पदों का सृजन
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि विभाग में 'पब्लिक मैनेजमेंट कैडर' की स्वीकृति के बाद 20,016 नए पद सृजित किए गए हैं। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए 35,383 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया जारी है, जिसके लिए विज्ञापन भी प्रकाशित कर दिया गया है। उन्होंने भरोसा जताया कि अगले तीन से चार महीनों में इन पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
आयुष आरोग्य मंदिरों में होगी पैथोलॉजी जांच की शुरुआत
स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी बताया कि अब राज्य आयुष समिति के अंतर्गत आयुष आरोग्य मंदिरों में पैथोलॉजी जांच की सुविधा भी शुरू की जाएगी। इससे ग्रामीण इलाकों में भी बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं का व्यापक विस्तार होगा। स्वास्थ्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने कहा कि आयुष अस्पतालों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में आयुर्वेद, होम्योपैथी और यूनानी पद्धति से इलाज किया जा रहा है। यहां न केवल चिकित्सीय सेवाएं प्रदान की जा रही हैं, बल्कि मरीजों को मुफ्त में दवाइयां भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
राष्ट्रीय गाइडलाइन के अनुरूप दी जा रही चिकित्सकों को ट्रेनिंग
डॉ. आदित्य प्रकाश, अपर सचिव-सह-कार्यपालक निदेशक, राज्य आयुष समिति ने कहा कि राष्ट्रीय आयुष मिशन की गाइडलाइन के अनुसार राज्य के 294 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर कार्यरत चिकित्सकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य सभी सुविधाओं को सुव्यवस्थित तरीके से संचालित करना है ताकि जनमानस को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
यह भी पढ़ें- Bihar News: सरकारी स्कूल में पढ़ाई के बजाय बच्चों से करवाई जा रही मजदूरी, सामान ढोते हुए तस्वीरें वायरल
कार्यक्रम में कई उच्चाधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के सचिव मनोज कुमार सिंह, राज्य आयुष समिति के अपर सचिव डॉ. आदित्य प्रकाश, बिहार स्वास्थ्य सुरक्षा समिति के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी शशांक शेखर सिन्हा, बिहार राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी की परियोजना निदेशक प्रतिभा रानी, स्वास्थ्य विभाग की विशेष कार्य पदाधिकारी गुंजन सिंह, स्वास्थ्य मंत्री के आप्त सचिव अमिताभ सिंह, आयुष निदेशक सुरेंद्र राय, तथा राज्य आयुष समिति के प्रशासी सह बजट पदाधिकारी प्रमोद कुमार राम सहित कई अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.