{"_id":"647ae485b59e252f5b093376","slug":"neighbor-killed-student-by-throwing-him-on-a-stone-in-vaishali-threatened-to-kill-on-saraswati-puja-2023-06-03","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar: वैशाली में पड़ोसी ने छात्र की पत्थर पर पटक कर की हत्या; सरस्वती पूजा पर दी थी जान से मारने की धमकी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar: वैशाली में पड़ोसी ने छात्र की पत्थर पर पटक कर की हत्या; सरस्वती पूजा पर दी थी जान से मारने की धमकी
Sat, 03 Jun 2023 12:28 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वैशाली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वैशाली
Published by: हिमांशु प्रियदर्शी
Updated Sat, 03 Jun 2023 12:28 PM IST
सार
मृतक के पिता मिथिलेश राय ने बताया कि सरस्वती पूजा में गाना बजाने को लेकर विवाद हुआ था। उस समय जान मारने की धमकी दी थी। उन्होंने बताया कि पड़ोस के ही अरुण राय के बेटे अमन कुमार उर्फ गोलू और उसके अन्य साथियों ने मिलकर उसके बेटे की हत्या कर दी है।
विज्ञापन
छात्र की हत्या के बाद मायूस परिजन
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बिहार के वैशाली के बरांटी ओपी क्षेत्र में रेलवे ढाला पर पड़ोसी ने ही एक नौवीं के छात्र की पत्थर पर पटक-पटक कर हत्या कर दी। वह स्कूल से घर जाने के लिए अपने चचेरे भाई के साथ निकला था। लेकिन रास्ते में ही उसके पड़ोसी युवक ने पकड़ लिया और उसकी पिटाई करते हुए ले जाने लगा। जब उसके चचेरे भाई ने इसका विरोध किया तो उसके साथ आरोपियों ने मारपीट की और छात्र को ले जाकर पीट-पीट कर हत्या कर दी। मृतक छात्र की पहचान मिथलेश राय के बेटे नीतीश कुमार (15) के रूप में हुई है।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक, नीतीश कुमार रामनंदन उच्च विद्यालय बिदुपुर में पढ़ता था। शुक्रवार को वह अपने चचेरे भाई के साथ स्कूल गया था। छुट्टी के बाद जब वह घर लौट रहा था। उसी दौरान उसके पड़ोसी अरुण राय के बेटे अमन और दो अन्य छात्रों ने उसे घेर लिया और मारपीट करने लगे। आरोपी ने नीतीश को बेल्ट और रोड़े से बेरहमी से पीटा। फिर उसे गढ्ढे में पड़े बड़े पत्थर पर पटक दिया, जिसके कारण उसकी मौत हो गई। आरोपी ने पहले ही दोनों बेटों को जान मारने की धमकी दी थी।
विज्ञापन
मृतक के पिता मिथिलेश राय ने बताया कि सरस्वती पूजा में गाना बजाने को लेकर विवाद हुआ था। उस समय जान मारने की धमकी दी थी। उन्होंने बताया कि पड़ोस के ही अरुण राय के बेटे अमन कुमार उर्फ गोलू और उसके अन्य साथियों ने मिलकर उसके बेटे की हत्या कर दी है।
विज्ञापन
मिथिलेश राय ने बताया कि सरस्वती पूजा के दिन ही शाम को चार बजे पड़ोस का शराब कारोबारी शराब के नशे में आया था। सरस्वती पूजा के बाद लोग बाजा बजा रहे थे। तभी आरोपी अरुण राय ने बाजा बजाने से मना किया था तो आयोजक ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस बुला ली थी। इसके बाद पुलिस ने सरस्वती पूजा की परमिशन लेटर (अनुमति पत्र) मांगा। आयोजक ने परमिशन लेटर दिखा दिया तो पुलिस लौट गई थी। इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद छिड़ गया। उसमें आरोपी अरुण राय ने मिथिलेश के दोनों बेटों की हत्या करने की धमकी भी दी थी। हालांकि इस घटना को लेकर पीड़ित पक्ष के द्वारा थाने में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी।
बरांटी ओपी अध्यक्ष अर्चना कुमारी ने बताया कि मृतक के पिता का फर्द बयान दर्ज कर लिया गया है। तीन लोगों पर नामजद समेत दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस हत्या के मामले की जांच करने में जुटी है।