Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Bihar ›   Patna News ›   bihar land survey minister dilip jaiswal monthly review 37430 villages

बिहार: भूमि सर्वेक्षण की हर महीने होगी समीक्षा, मंत्री दिलीप जायसवाल खुद करेंगे मॉनिटरिंग

Thu, 26 Nov 2026 07:50 AM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला,पटना
न्यूज डेस्क, अमर उजाला,पटना Published by: आशुतोष प्रताप सिंह Updated Thu, 26 Nov 2026 07:50 AM IST
सार

बिहार में विशेष भूमि सर्वेक्षण कार्यों की निगरानी अब और सख्त होगी। राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल हर महीने समीक्षा करेंगे, जबकि नोडल पदाधिकारी प्रतिदिन जिलों की प्रगति रिपोर्ट देंगे। दूसरे चरण में 36 जिलों के 444 अंचलों के 37,430 मौजों में 8.70 करोड़ से अधिक खेसरों का सर्वेक्षण होना है।

विज्ञापन
bihar land survey minister dilip jaiswal monthly review 37430 villages
मंत्री दिलीप जायसवाल - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

बिहार में चल रहे विशेष भूमि सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त कार्यों को समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए राज्य सरकार ने निगरानी व्यवस्था सख्त करने का फैसला लिया है। अब राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल हर महीने सर्वेक्षण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगे। वहीं, सर्वे निदेशालय में पदस्थापित नोडल पदाधिकारी अपने जिम्मे आवंटित जिलों के कार्यों की प्रतिदिन समीक्षा कर मुख्यालय को रिपोर्ट देंगे। जिलों के प्रदर्शन का आकलन निर्धारित मासिक लक्ष्य और उसके मुकाबले हुई उपलब्धि के आधार पर किया जाएगा।

विज्ञापन

बुधवार को पटना के शास्त्रीनगर स्थित राजस्व सर्वेक्षण प्रशिक्षण संस्थान में विशेष सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। इसमें मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सर्वेक्षण कार्यों में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता और पारदर्शिता का भी पूरा ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि विशेष भूमि सर्वेक्षण सरकार की प्राथमिकता वाला महत्वपूर्ण अभियान है। इसे तय समय सीमा में पूरा करने के लिए प्रत्येक जिले में हो रहे कार्यों की नियमित निगरानी जरूरी है।

विज्ञापन

रोजाना जिलों की प्रगति रिपोर्ट लेंगे नोडल पदाधिकारी

मंत्री ने सर्वे निदेशालय में तैनात नोडल पदाधिकारियों को अपने-अपने आवंटित जिलों की प्रतिदिन समीक्षा करने का निर्देश दिया। उन्हें संबंधित जिलों से दैनिक प्रगति की जानकारी लेकर नियमित रूप से मुख्यालय को रिपोर्ट उपलब्ध करानी होगी। इससे सर्वेक्षण के दौरान आने वाली बाधाओं की समय रहते पहचान कर उनका समाधान किया जा सकेगा। मंत्री ने कहा कि दैनिक मॉनिटरिंग और मासिक समीक्षा से अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

भूमि विवाद कम करना है सर्वेक्षण का उद्देश्य

डॉ. जायसवाल ने कहा कि विशेष भूमि सर्वेक्षण का उद्देश्य केवल जमीन का सर्वे करना नहीं, बल्कि भूमि विवादों का स्थायी समाधान करना और भू-अभिलेखों को स्पष्ट, अद्यतन एवं पारदर्शी बनाना है। सर्वेक्षण पूरा होने से जमीन से जुड़े विवादों में कमी आएगी और न्यायालयों में ऐसे मुकदमों का बोझ भी घटेगा। इसके अलावा आम लोगों को बैंक से ऋण लेने, निवास एवं दखल-कब्जा प्रमाण पत्र प्राप्त करने और पारिवारिक संपत्ति के बंटवारे में सहूलियत होगी।

गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने पर जोर

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सर्वेक्षण कार्यों में तेजी के साथ गुणवत्ता का भी पूरा ध्यान रखा जाए। बंदोबस्त अधिकारी अपने अधीनस्थ कर्मियों के कामकाज की लगातार निगरानी करें और दिन के अंत में स्वयं भी अपने कार्यों का आकलन करें। उन्होंने आत्ममूल्यांकन पर जोर देते हुए कहा कि 'सेल्फ असेसमेंट इज बेस्ट असेसमेंट'। प्रत्येक अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का समय पर और अपेक्षित गुणवत्ता के साथ निष्पादन सुनिश्चित करे।
विभाग के सचिव जय सिंह ने भी विशेष सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त कार्यों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि काम की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के साथ कार्यों में आ रही समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए।

37,430 मौजों में चल रहा सर्वेक्षण का काम

भू-अभिलेख एवं परिमाप निदेशालय के निदेशक सुहर्ष भगत ने बैठक में सर्वेक्षण की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दूसरे चरण में राज्य के सभी 36 जिलों के 444 अंचलों के 37,430 मौजों में विशेष सर्वेक्षण का काम चल रहा है। इसके तहत कुल 8 करोड़ 70 लाख 24 हजार 440 खेसरों का सर्वेक्षण किया जाना है। इस काम में 6,772 अमीन कार्यरत हैं।
बैठक में विभाग की सचिव सीमा त्रिपाठी, सहायक निदेशक सुबोध कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी अनुपम प्रकाश सहित सभी जिलों के बंदोबस्त पदाधिकारी मौजूद रहे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed