{"_id":"68750204302de4a32a093e98","slug":"sheohar-news-a-youth-going-to-perform-jalabhishek-on-first-monday-of-sawan-was-crushed-by-truck-died-on-spot-2025-07-14","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar News: सावन के पहले सोमवार को जलाभिषेक करने जा रहे युवक को ट्रक ने कुचला, मौके पर मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar News: सावन के पहले सोमवार को जलाभिषेक करने जा रहे युवक को ट्रक ने कुचला, मौके पर मौत
Mon, 14 Jul 2025 06:41 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिवहर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिवहर
Published by: हिमांशु प्रियदर्शी
Updated Mon, 14 Jul 2025 06:41 PM IST
सार
Sheohar News: पुलिस ने बताया कि अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और वाहन की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि दोषी को हर हाल में पकड़कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। पढ़ें पूरी खबर...।
विज्ञापन
मृतक जयप्रकाश कुमार (फाइल फोटो) तथा शोक में डूबे परिजन
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
सावन का पहला सोमवार, वह दिन जब श्रद्धा अपने चरम पर होती है और हजारों की संख्या में शिवभक्त बाबा भोलेनाथ को जल चढ़ाने के लिए मंदिरों की ओर कूच करते हैं। लेकिन शिवहर जिले में इस भक्ति के मार्ग पर एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने एक पूरे परिवार की खुशियों को छीन लिया और श्रद्धा की राह को शोक में बदल दिया। घटना सोमवार सुबह की है।
विज्ञापन
दरअसल, शिवहर-मधुबन राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 227 पर स्थित पहाड़पुर पुल के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक पर बैठे एक युवक को रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान श्यामपुर भटहां थाना क्षेत्र के नयागांव लक्षुटोला निवासी 21 वर्षीय जयप्रकाश कुमार के रूप में की गई है। जयप्रकाश अपने बुजुर्ग पिता धर्मदेव राय के साथ बाबा भुवनेश्वर नाथ मंदिर, देकुली धाम जलाभिषेक करने जा रहे थे।
विज्ञापन
यह भी पढ़ें- Bihar: श्रावणी मेले में जंजीरों में जकड़ ‘कैदी बम’ बनकर पहुंचा श्रद्धालु, बोला- भोलेनाथ ने ऐसा करने को कहा
विज्ञापन
पिता-पुत्र की यात्रा बनी त्रासदी की गवाही
जयप्रकाश अपने पिता के साथ बाइक से सुबह-सुबह देकुली धाम के लिए निकला था। जैसे ही दोनों पहाड़पुर पुल के पूरब मोड़ के पास पहुंचे, जयप्रकाश बाइक पर ही बैठा रहा और उसके पिता थोड़ी देर के लिए सड़क किनारे पेशाब करने उतरे। तभी विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रहा एक अज्ञात ट्रक आया और बाइक पर बैठे जयप्रकाश को कुचलते हुए फरार हो गया।
पिता जब लौटे तो सामने बेटे की लाश देखकर वे हतप्रभ रह गए। कुछ पल के लिए तो जैसे उनकी सांसें थम गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना की सूचना डायल 112 को दी, जिसके बाद पुलिस पहुंची। फिर युवक को स्थानीय पीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार में मचा कोहराम
जयप्रकाश कुमार अपने परिवार का छोटा बेटा था और अविवाहित था। उसके असामयिक निधन से पूरा परिवार शोक में डूब गया है। वृद्ध पिता धर्मदेव राय बेटे की लाश के पास बैठ कर लगातार फूट-फूट कर रो रहे थे। उनकी आंखों से बहते आंसू और कांपती आवाज बता रही थी कि यह केवल एक बेटे की मौत नहीं थी, बल्कि एक पूरे परिवार की उम्मीदों का अंत था।
भीगे गले से वह बार-बार यही कह रहे थे कि हे भगवान! हमने तेरा क्या बिगाड़ा था? पूजा करने जा रहे थे, तूने बेटा ही छीन लिया? धर्मदेव राय पहले ही एक बेटे को किशोरावस्था में खो चुके थे। जयप्रकाश ही उनका अंतिम सहारा था। अब इस हादसे के बाद वह पूरी तरह से टूट चुके हैं।
यह भी पढ़ें- Bihar: वोटर प्रपत्र ऑनलाइन करने के नाम पर अवैध वसूली, ‘चाय-पानी’ के बहाने जनतंत्र की गरिमा पर चोट; FIR के आदेश
‘जांच जारी, दोषी बख्शे नहीं जाएंगे’
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना अध्यक्ष कोमल रानी ने बताया कि अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और वाहन की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि दोषी को हर हाल में पकड़कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।