Bihar News: घर लौट रहे डॉक्टर को अपराधियों ने ओवरटेक कर गोली मारी; मौके पर मौत, ग्रामीणों में भारी रोष
Muzaffarpur Hindi News: अहियापुर थाना प्रभारी रोहन कुमार ने बताया कि अज्ञात अपराधियों ने एक व्यक्ति को गोली मार दी है। उसकी मौके पर मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आसपास के लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
विस्तार
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र के झपहा में बदमाशों ने अपने डेरा लौट रहे एक डॉक्टर को गोली मार दी। छाती में गोली लगने से डॉक्टर की मौत हो गई। वहीं, घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। इस घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई, जिसके बाद इस मामले की जानकारी अहियापुर थाना पुलिस को दी गई।
सूचना के बाद अहियापुर थाना अध्यक्ष रोहन कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझा कर शांत करवाया। उसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया। साथ ही पुलिस घटनास्थल के आसपास के लगे सीसीटीवी को खंगाल रही है और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, डॉ. सुनील कुमार उर्फ श्याम कुमार मीनापुर थाना क्षेत्र के धर्मपुर चौक स्थित अपने क्लिनिक से बाइक से अपने डेरा लौट रहे थे। इसी दौरान अपराधियों ने उन पर गोलीबारी कर दी, जिसमें उनकी जान चली गई। डॉ. सुनील के दो बेटे और एक बेटी हैं और उनके पिता की मृत्यु को चुकी है, मां उनके साथ रहती है।
परिजनों ने बताया कि डॉक्टर सुनील देर रात अपना क्लीनिक बंद करके घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार अपराधियों ने ओवरटेक करके उन्हें गोली मार दी और मौके पर से फरार हो गए। घटना के बाद से पूरी इलाके में सनसनी फैली हुई है और गांव से लेकर एसकेएमसीएच में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस घटना को लेकर ग्रामीणों में खासी नाराजगी देखने को मिल रही है।
इधर, अहियापुर थाना प्रभारी रोहन कुमार ने बताया कि अज्ञात अपराधियों ने एक व्यक्ति को गोली मार दी है। उसकी मौके पर मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आसपास के लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।