Bihar News: अधेड़ महिला की संदिग्ध हालात में मौत, बहू और उसके मायकेवालों पर हत्या का आरोप; पुलिस जांच में जुट
Bihar: बताया जा रहा है कि घटना के दिन भी इसी तरह का झगड़ा हुआ, जिसके बाद पार्वती देवी की मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि बहू और उसके परिवार वालों ने मिलकर पार्वती देवी की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उनकी मौत हो गई।
विस्तार
मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव में एक अधेड़ महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। मृतका की पहचान रसूलपुर निवासी दिनेश साह की 62 वर्षीय पत्नी पार्वती देवी के रूप में हुई है।
परिजनों का आरोप है कि पार्वती देवी की बहू और उसके मायके वालों ने मारपीट कर उनकी हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि मृतका और उसकी बहू के बीच पहले से विवाद चल रहा था। परिजनों के अनुसार, बहू द्वारा पहले भी मृतका के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की जाती थी, जिसकी शिकायत कई बार की गई थी।
घटना के दिन भी इसी तरह का झगड़ा हुआ, जिसके बाद पार्वती देवी की मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि बहू और उसके परिवार वालों ने मिलकर पार्वती देवी की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उनकी मौत हो गई।
पढ़ें: शारीरिक शिक्षा व्याख्याताओं के लिए एडवांस्ड रिफ्रेशर कोर्स का समापन, 23 सत्र किए गए थे आयोजित
घटना की जानकारी मिलते ही अहियापुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी रोहन कुमार ने बताया कि महिला की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है और मामले की गहन जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि मृतका की बहू पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।