Bihar News: संदिग्ध हालत में बगीचे में मिली बेहोश युवती, पुलिस जांच में जुटी; मौके पर जुटी भीड़
Bihar: सूचना मिलने पर रामपुर हरि थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को इलाज के लिए एसकेएमसीएच मेडिकल कॉलेज भेजा। फिलहाल वह अस्पताल में भर्ती है और होश में नहीं आने के कारण बयान दर्ज नहीं हो सका है।
विस्तार
मुजफ्फरपुर जिले के रामपुर हरि थाना क्षेत्र के मझौलिया गांव स्थित आम के बगीचे में रविवार को एक युवती बेहोशी की हालत में मिली। सुबह जब ग्रामीण खेत-खलिहान की ओर जा रहे थे, तभी उनकी नजर बगीचे में पड़ी एक युवती पर पड़ी। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
सूचना मिलने पर रामपुर हरि थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को इलाज के लिए एसकेएमसीएच मेडिकल कॉलेज भेजा। फिलहाल वह अस्पताल में भर्ती है और होश में नहीं आने के कारण बयान दर्ज नहीं हो सका है। युवती की उम्र लगभग 25 वर्ष आंकी जा रही है। अब तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है और न ही उसके पास से कोई ऐसा सामान मिला है जिससे पहचान हो सके।
पढ़ें: वैशाली में दो दिनों में मिले दो अज्ञात शव, इलाके में दहशत का माहौल; पुलिस जांच में जुटी
थाना प्रभारी शिवेंद्र नारायण सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। प्राथमिक जांच में युवती के पास से कुछ पॉलीथिन मिले हैं, जिससे आशंका है कि वह कूड़ा चुनने का काम करती हो। उन्होंने कहा कि युवती के होश में आने के बाद ही घटना की सच्चाई सामने आ पाएगी। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।