Bihar News: वैशाली में दो दिनों में मिले दो अज्ञात शव, इलाके में दहशत का माहौल; पुलिस जांच में जुटी
Bihar: लालगंज एसडीपीओ गोपाल मंडल ने बताया कि 24 घंटे के भीतर दो शव बरामद किए गए हैं। दोनों की शिनाख्त अब तक नहीं हो पाई है। पुलिस शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज चुकी है और विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
विस्तार
वैशाली जिले में लगातार दो दिनों में एक ही जगह से दो अज्ञात व्यक्तियों के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। लोग दहशत में हैं और पुलिस हत्या की आशंका जता रही है।
यह मामला सराय थाना क्षेत्र के पौरा मदन सिंह पंचायत के चौर का है। रविवार को ग्रामीणों ने पानी में मुंह के बल पड़े एक व्यक्ति का नग्न अवस्था में शव देखा। इसकी सूचना मिलते ही सराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया।
गौरतलब है कि इसी जगह से शनिवार को भी करीब 200 मीटर की दूरी पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया था। दोनों शव क्षत-विक्षत हालत में मिले हैं और उनकी स्थिति काफी हद तक एक जैसी है। इस वजह से पुलिस को आशंका है कि दोनों की हत्या कर शवों को यहां फेंका गया है।
पढ़ें: खगड़िया में मिनी गन फैक्टरी का भंडाफोड़, पुलिस ने बरामद किए देसी कट्टे और अर्धनिर्मित हथियार
लालगंज एसडीपीओ गोपाल मंडल ने बताया कि 24 घंटे के भीतर दो शव बरामद किए गए हैं। दोनों की शिनाख्त अब तक नहीं हो पाई है। पुलिस शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज चुकी है और विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हत्या कैसे हुई और मृतक कौन थे। फिलहाल दो दिनों में दो शव मिलने से गांव के लोग खौफजदा हैं और इस मामले ने पुलिस के सामने पहचान और हत्यारों तक पहुंचने की बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है।